आगरा

ताजमहल के शहर आगरा में वर्ष 2017 में हुआ ये बड़ा बदलाव

नव वर्ष 2018 उम्मीदों, सपनों व आशाओं का पिटारा लाने के लिए तत्पर है। वर्ष 2017 ने आगरा को बहुत कुछ दिया।

2 min read
Dec 29, 2017
Tajganj project

आगरा। कई खट्टी-मीठी यादों को पोटली में समेटे पुराना वर्ष अतीत के गर्त में समाने को है, तो वहीं नव वर्ष 2018 उम्मीदों, सपनों व आशाओं का पिटारा लाने के लिए तत्पर है। वर्ष 2017 ने आगरा को बहुत कुछ दिया। आगरा की सूरत ही बदल गई। ताजगंज प्रोजेक्ट हो या फिर आगरा से शुरू हुईं नई हवाई सेवाएं। इसके साथ ही कुछ ऐसे फ्लाईओवर भी मिले, जिससे शहर की जाम की बड़ी समस्या में काफी राहत मिली।

ताज की सुंदरता में लगाए चार चांद
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट ताजगंज प्रोजेक्ट ने ताज की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। ताजगंज प्रोजेक्ट का उपहार वर्ष 2017 में आगरा को मिला। ताज के आसपास का क्षेत्र ताज और उससे सटे ताजगंज में प्रदेश सरकार ने 197.28 करोड़ रुपये से पर्यटकों के लिए सुविधाएं जुटाने व सुंदरीकरण का काम कराया। यह काम पूरा होने के बाद ताजगंज की सड़कें, फुटपाथ लाल रंग की अनोखी छटा से पर्यटकों को लुभा रहे हैं। मुगलिया तर्ज पर लाल रंग के पत्थरों से बनाई गई स्ट्रीट लाइट भी ताजगंज की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं।

जाम की समस्या से बड़ी राहत
सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया के प्रयासों से जाम की समस्या से जूझते आगरा को बड़ी राहत के रूप में कई फ्लाईओवर भी वर्ष 2017 में मिले।उत्तरी बाईपास के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली। इसके साथ ही आगरा के अन्तरराष्ट्रीय बस अड्डे पर लगने वाले जाम की समस्या से निपटने के लिए आईएसबीटी पर एक फ्लाईओवर बनाने के लिए सहमति मिली। वहीं आगरा के वाटर वक्र्स, सुल्तानगंज की पुलिया और खन्दारी चौराहे पर तीन फ्लाईओवर का निर्माण भी इसी वर्ष में पूरा हुआ।

हवाई सेवाओं का उपहार
इस वर्ष आगरा को हवाई सेवाओं का भी उपहार मिला। आगरा-जयपुर के बीच आठ नवम्बर 2017 को हवाई सेवा शुरू हो गई है। इस हवाई सेवा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल नंदी ने किया था। इस मौके पर अनुसूचित जाति आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और आगरा के सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने बताया कि मुंबई, बेंगलुरू और हैदराबाद के लिए भी हवाई सेवा शुरू कराने का प्रयास है। बता दें कि आगरा-जयपुर के बीच हवाई सेवा की लम्बे समय से मांग की जा रही थी। केन्द्र सरकार ने रीजनल कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत आगरा-जयपुर के बीच हवाई सेवा शुरू कराई है। इसके दूरगामी परिणाम होंगे। आगरा-जयपुर के बीच हवाई सेवा शुरू होने से न केवल पर्यटन बल्कि व्यापारियों को भी लाभ होगा।

Published on:
29 Dec 2017 05:44 pm
Also Read
View All