अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ताजमहल के शहर आगरा में कई जगह योग करके निरोग रहने का संकल्प लिया गया।
आगरा। अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ताजमहल के शहर आगरा में कई जगह योग करके निरोग रहने का संकल्प लिया गया। वैसे तो शहर के हर छोटे बड़े पार्क, कॉलोनियों में योग के कार्यक्रम हुये, लेकिन सबसे बड़ा आयोजन एकलव्य स्पोट्र्स स्टेडियम में हुआ, जहां जिला प्रशासन, क्रीड़ा भारती और शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की ओर आयोजित योग कार्यक्रम में करीब 10 हजार लोगों ने एक साथ योग किया और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का प्रण लिया। ताजमहल के साये में योग दिवस के दौरान ओम की गूंज हुई। आगरा के अलावा मथुरा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, बरेली, पीलीभीत, बदायूं और शाहजहांपुर में भी योग दिवस की धूम रही।
एकलव्य स्पोट्र्स स्टेडियम में हुआ योग
एकलव्य स्पोट्र्स स्टेडियम में शुक्रवार सुबह नजारा देखते ही बन रहा था। यहां हजारों लोगों की भीड़ एक साथ अंतराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एक साथ योग करने के लिये उत्सुक दिखाई दी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी अपने परिवार के साथ स्टेडियम पहुंचे। स्टेडियम का मैदान पूरा भरा नजर आया। सुबह छह बजे से आठ बजे तक योग हुआ। इस दौरान लोगों को योग से होने वाले फायदे और योग को अपनी दिनचर्या में शामिल कर हम खुद को किस प्रकार स्वस्थ रख सकते हैं, इस बारे में भी बताया गया।
आगरा में यहां भी हुआ योग
योग गुरु बाबा रामदेव की संस्था पतंजलि योग पीठ, हरिद्वार के तत्वावधान में योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। रुद्राक्ष पार्क, शास्त्रीपुरम में योग प्रचारकों ने योग का महत्व बताया। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने भी शाखाओं पर योग दिवस मनाया। शास्त्रीनगर की केशव शाखा के तत्वावधान में योग दिवस शास्त्रीपुरम जोनल पार्क (अवंतीबाई पार्क) में मनाया गया।
ये भी पढ़ें - International yoga Day कन्हा की नगरी में योग की धूम, देखें वीडियो
एटा के जीआईसी मैदान पर हुआ योग
एटा में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हजारों की संख्या में लोगों ने योग किया। जीआईसी मैदान पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों ने योग कर निरोग रहने का संदेश दिया। पतंजलि योग समिति के आचार्य वेदव्यास के निर्देशन में हजारों लोगों ने योग किया। योग दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और आम जनमानस मौजूद रहा।
कान्हा की नगरी में इस स्थान पर हुआ योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर मथुरा में जगह-जगह योग दिवस मनाया गया। मथुरा के मोहन पहलवान स्टेडियम में योग दिवस के मौके पर सैकड़ों स्त्री और पुरुषों ने योग कर शरीर को स्वस्थ बनाने के गुर सीखे। योग दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के ग्राम विकास एवं चिकित्सा राज्यमंत्री डॉ. महेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कासगंज में 100 स्थानों पर हुआ योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस देश भर के साथ कासगंज जिले भर में जिला प्रशासन द्वारा सामूहिक योग के अलावा 100 स्थानों पर मनाया। गया इस मौके वक्ताओं द्वारा योग से निरोग होने के उपाय बताये। शहर के श्रीगणेश इंटर कॉलेज में आयोजित हुए पंचम अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष रजनी साहू, ब्रज क्षेत्र प्रभारी रजनीकांत माहेश्वरी, जिलाधिकारी सीपी सिंह, एसपी अशोक कुमार ने संयुक्त रूप से मां शारदे के समझ दीप प्रज्ज्वलित तथा माल्यार्पण कर किया।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में योगा
अलीगढ़ में योग दिवस की धूम रही। गन्ना राज्यमंत्री सुरेश राणा, डीएम चंद्रभूषण सिंह, एसएसपी आकाश कुलहरि के साथ अनेक अधिकारियों व समाजसेवियों ने योगा किया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में जमकर योगा किया गया।
जिला जेल में योगा
बरेली। विश्व योग दिवस के मौके पर आज जगह जगह पर हजारों लोगों ने एक साथ योगा किया। इस अवसर पर जिला जेल में भी योग शिविर का आयोजन किया गया। जिला जेल में लगाए गए योगा कैम्प में जेल में बंद बंदियों और सुरक्षाकर्मियों ने योग किया। योगा ट्रेनर की मौजूदगी में योग करने के बाद बन्दी काफी प्रसन्न नजर आए उनका कहना है कि योग से सारा तनाव दूर हो गया।
ये भी पढ़ें - International Yoga Day 2019: खूब खाइए और अग्निसार क्रिया करके पचाइए, देखें वीडियो