आगरा

नाबालिग बेटे का निकाह रोकने के लिए पिता ने बुलाई पुलिस, दुल्हन के दरवाजे पर बैठा पहरा

आगरा। ताजनगरी के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में एक पिता ने कानून का सम्मान करते हुए अपने ही नाबालिग बेटे का निकाह रुकवा दिया। पत्नी द्वारा नाबालिग बेटे की बारात लाने की जिद से नाराज पति ने चाइल्ड लाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने ऐन वक्त पर कार्रवाई करते हुए शादी रुकवा […]

2 min read
Mar 25, 2026
wedding bride threatened to be shot on stage On March 11 (demo pic)

आगरा। ताजनगरी के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में एक पिता ने कानून का सम्मान करते हुए अपने ही नाबालिग बेटे का निकाह रुकवा दिया। पत्नी द्वारा नाबालिग बेटे की बारात लाने की जिद से नाराज पति ने चाइल्ड लाइन में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने ऐन वक्त पर कार्रवाई करते हुए शादी रुकवा दी।

​क्या है पूरा मामला?

​मामला फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के एक गांव का है। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद पत्नी अपने बेटे को लेकर ग्वालियर स्थित अपने मायके चली गई थी। वहां उसने अपने नाबालिग बेटे का रिश्ता फतेहपुर सीकरी के ही एक गांव में तय कर दिया। बुधवार रात को ग्वालियर से बारात आनी थी।

​पिता ने किया गैर-कानूनी निकाह का विरोध

​जब लड़के के पिता को बेटे के नाबालिग होने के बावजूद निकाह कराए जाने की जानकारी मिली, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने अपनी पत्नी और लड़की पक्ष को समझाने की कोशिश की कि यह निकाह गैर-कानूनी है, लेकिन जब कोई भी पक्ष मानने को तैयार नहीं हुआ, तो पिता ने अंततः चाइल्ड लाइन और पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

​पुलिस को देख खिसक गए बाराती

​शिकायत मिलते ही पुलिस बुधवार रात दुल्हन के घर पहुंच गई। जैसे ही पुलिस की टीम वहां पहुंची, शादी की दावत खा रहे घराती और मेहमान धीरे-धीरे वहां से खिसकने लगे। पुलिस के सख्त रुख को देखते हुए दुल्हन के माता-पिता को लिखित में यह आश्वासन देना पड़ा कि वे अपनी बेटी का निकाह इस लड़के के साथ नहीं करेंगे।

​बारात का इंतजार, पुलिस का पहरा

​पूरी रात दुल्हन के घर पर पुलिस का पहरा रहा। पुलिस की मुस्तैदी के डर से ग्वालियर से आने वाली बारात देर रात तक मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाल विवाह एक गंभीर अपराध है और इसे किसी भी सूरत में होने नहीं दिया जाएगा।

Published on:
25 Mar 2026 11:52 pm
Also Read
View All

अगली खबर