-युवा समाजसेवी संदेश जैन ने जैन ने ली संस्थापक अध्यक्ष पद की शपथ - 65,000 से भी अधिक दंपति सदस्य, हर पंथ के मानने वाले शामिल -अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कमल संचेती ने कहा- 100 से अधिक देहदान करा चुके हैं
आगरा। विश्व की सबसे बड़ी जैन संस्था जैन सोशल ग्रुप की आगरा शाखा का गठन व अधिष्ठापन समारोह फतेहाबाद रोड स्थित होटल द ताज विलास में हुआ। अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कमल संचेती ने संदेश जैन को आगरा शाखा के संस्थापक अध्यक्ष की शपथ दिलाई। बताया गया कि जैन सोशल ग्रुप (Jain Social Group ) सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं है। इसके माध्यम से समाजसेवा के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
समाज में समरसता व परोपकार को प्राथमिकता
संस्थापक अध्यक्ष संदेश जैन ने कहा कि 21वीं सदी में भारतीय संस्कृति की रक्षा व युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़े रखते हुए समाज की सेवा हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि संस्था के द्वारा रक्तदान, मरणोपरांत नेत्रदान, देहदान, हृदय के ऑपरेशन के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में शिविर लगाकर कुपोषण के शिकार बच्चों की बीमारी उन्मूलन के लिए बढ़-चढ़कर किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होगा जैन सोशल ग्रुप परिवार मात्र मनोरंजन का साधन न बनकर समाज में समरसता व परोपकार को प्राथमिकता देगा।
ये हैं टीम के सदस्य
जैन सोशल ग्रुप आगरा के संस्थापक अध्यक्ष के रूप में समाजसेवी संदेश जैन को शपथ दिलाई गई। साथ में डॉ अरुण जैन उपाध्यक्ष, निखिल जैन सचिव, रितु चौरडिया संयुक्त सचिव व सीए आशीष जैन को कोषाध्यक्ष की शपथ दिलाई गई।
उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे
जैन सोशल ग्रुप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कमल संचेती ने संदेश जैन व उनकी टीम को आशीर्वाद देते हुए कहा कि 65,000 से भी अधिक दंपति सदस्यों की विश्व की सबसे बड़ी संस्था जैन सोशल ग्रुप इंटरनेशनल फेडरेशन है। इसमें जैन मत के मानने वाले सदस्य हैं, चाहे वह दिगंबर हो श्वेतांबर पंथ के हों अथवा अन्य पंथ के। उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा 100 से अधिक देहदान, हजारों की संख्या में नेत्रदान, लाखों की संख्या में रक्तदान कराया जा चुका है। शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
सेवा के क्षेत्र में जैन समाज का कोई सानी नहीं
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त डॉ. विवेका कुमार ने संदेश जैन को बधाई देते हुए कहा कि सेवा के क्षेत्र में जैन समाज का कोई सानी नहीं है। इसका जीता जागता उदाहरण है आगरा विकास मंच है, जिसने सन 2005 से लेकर अब तक ना जाने कितने गंभीर मरीजों का को मौत के मुंह से बचाकर नया जीवन दिलवाया है। उन्होंने कहा कि आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि संदेश जैन सेवा के नए आयाम जोड़ेंगे।