पहली पत्नी के परिजन पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे, पुलिस ने आधा दर्जन लोग हिरासत में लिए
आगरा। एक सिपाही दूसरी शादी रचाने की फिराक में था, लेकिन, विवाह कार्यक्रम में पुलिस पहुंच गई। पुलिस देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई। मामला आगरा के निकट थाना इरादत नगर क्षेत्र के कुर्राचत्तिरपुर का है।
सिपाही की दूसरी शादी से जुड़ा
थाना क्षेत्र के कुर्राचत्तिरपुर में सोमवार आधी रात एक विवाह कार्यक्रम चल रहा था। मामला एक सिपाही की दूसरी शादी से जुड़ा था। बताया गया है कि इसकी सूचना पहली पत्नी के परिजनों ने पुलिस को दे दी। शादी का कार्यक्रम पहले आगरा शहर के किसी मैरिज होम में होना था। लेकिन, शादी से कुछ समय पहले कार्यक्रम स्थल बदलकर कुर्राचत्तिरपुर कर दिया गया। सिपाही फिरोजाबाद के एक गांव का रहने वाला है जबकि उसकी पहली पत्नी फिरोजाबाद के सिरसागंज के एक गांव की रहने वाली है। जिस लड़की से वह दूसरी शादी करने जा रहा था वह भी फिरोजाबाद के नारखी क्षेत्र की रहने वाली है।
डायल 100 को दी जानकारी
पुलिस सूत्रों ने बताया कि फिरोजाबाद के गांव नगला गुलाल थाना नगला खंजर निवासी सिपाही धीरेन्द्र पुत्र सतेंद्र सिंह यहां शादी करने आया था। बताया गया हैं कि सतेंद्र छत्तीसगढ़ पुलिस में सिपाही हैं। उसकी पहली पत्नी निशा के पिता विनोद कुमार निवासी सरसौली थाना सिरसागंज ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। इस पर थाना इरादतनगर पुलिस व डायल 100 ने मौके पर पहुंच गई और आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। जबकि दूल्हा-दुल्हन मौके से गायब हो गए। विनोद कुमार ने बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी करीब छह वर्ष पूर्व सतेंद्र के साथ खूब दान दहेज देकर की थी। आरोप है कि सतेंद्र कार की मांग को लेकर बेटी का उत्पीड़न करता था। इस सम्बन्ध में मामला न्यायालय में विचाराधीन हैं। सूचना मिली थी कि सतेन्द्र आगरा में छिपकर नारखी क्षेत्र की लड़की से शादी कर रहा हैं। विनोद कुमार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया। थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।