उत्तर प्रदेश में मानसून अपना रौद्र रूप दिखा रहा है। पिछले 48 घंटे में 12 से अधिक हादसे हो गए हैं। इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी बोर्ड के 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
यूपी में बारिश का सिलसिला जारी है। राहत बनकर आई ये बारिश लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और हादसे हो रहे हैं। आगरा अलीगढ़ हाईवे पर सड़क धंसने ट्रक फंस गया। ताजमहल में मुख्य गुंबद की छत से पानी टपकने लगा तो एत्माद्दौला की दक्षिणी दीवार ढह गई। अन्य स्मारकों को भी नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश के कारण किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
आगरा में मंगलवार रात से रुक रुककर हो रही बारिश ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। आगरा दिल्ली हाईवे पर रुनकता के पास चार फीट तक पानी है जिसकी वजह से यातायात डायवर्ट करना पड़ गया। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव देखने को मिल रहा है। आगरा में 12 से अधिक जर्जर मकान ढह गए। 5 लोग मलबे में दब गए। लोहामंडी में दो बाइक सवार युवक नाले में बह गए। पिछले 48 घंटे में सड़कों पर 12 से अधिक हादसे हुए हैं।
प्रदेश में भारी बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी भानु चंद गोस्वामी ने सभी बोर्ड के 12वीं तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। इससे पहले भी बारिश की वजह से एक दिन का अवकाश घोषित किया गया था।