— आगरा मंडल में हुई झमाझम बारिश से किसानों को लाखों का नुकसान हुआ है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
आगरा। यूपी के आगरा मंडल में बेमौसम बारिश ने किसानों को लाखों के कर्ज तले दबा दिया। खुले में पड़ी उनकी फसल पानी की वजह से बर्बाद हो गई। बेमौसम बारिश से बाजरा, धान और सब्जियों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। अगेती बोई गई सरसों और आलू के खेतों में पानी भरने से भी नुकसान हुआ है। किसानों के मुताबिक फसलें गिरने और खेतों में पानी भर जाने से करीब 50-60 फीसदी तक फसलें नष्ट हुई हैं। पीड़ित किसानों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
यह भी पढ़ें—
इन क्षेत्रों में हुआ नुकसान
आगरा मंडल के बाह, किरावली, बरहन, फतेहपुर सीकरी, अछनेरा, कागारौल, जैंगारा, बसैरी बैमन, औरंगपुर, कागारौल, बेरी, बीसलपुर, रिठौरी, अकोला, मलपुरा, जारूआ कटरा आदि स्थानों पर बारिश के पानी से नुकसान हुआ। वहीं, फिरोजाबाद के नारखी, सिरसागंज, शिकोहाबाद, जसराना और टूंडला क्षेत्र में किसानों को काफी नुकसान हुआ है। अभी धान कटाई का काम चल रहा था। कुछ किसानों की धान कटी हुई खेत में पड़ी थी लेकिन बारिश की वजह से वह बर्बाद हो गई। फतेहाबाद क्षेत्र में बहुतायत होने वाली बाजरे की फसल गलने की कगार पर है। गांव कृपालपुरा, निबोहरा, पुरा हरसुख, वाजिदपुर, वरना, दारौली के किसानों ने कटाई के लिए तैयार बाजरे की फसल में पानी भरने से दाना सड़ने और गलने की बात कही है।
यह भी पढ़ें—
सब्जी भी महंगी
बारिश से गोभी, मिर्च, टमाटर, बैंगन की फसलें भी खराब हुई हैं। इसकी वजह से मंडी में सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। वहीं बाह, किरावली, कागारौल, फतेहपुर सीकरी के गांवों में मिर्च, टमाटर, लौकी, तोरई और बैंगन आदि की फसलों को भी नुकसान हुआ है। बरहन और एत्मादपुर क्षेत्र में बारिश के कारण बहुतायत बोई जाने वाली आलू की अगैती फसल को काफी नुकसान हुआ है। जिन किसानों ने इस सप्ताह फसल बोई है, उन्हें दोबारा बुवाई करनी पड़ सकती है क्योंकि खेतों में पानी भर गया है।