अहमदाबाद

दीपावली एवं छठ पूजा पर घर जाने वालों के लिए अहमदाबाद मंडल से 13 विशेष ट्रेनें

अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल से दीपावली एवं छठ पूजा त्योहारों पर घर जाने वालों के लिए नवंबर महीने मे 13 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
2 min read
• •
Updated: 4 Nov 2026, 10:08 PM IST
13 Special Trains from Ahmedabad Division for Those Traveling Home for Diwali and Chhath Puja
साबरमती स्टेशन पर कतार से यात्रियों को ट्रेन में बिठाते रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी।

अहमदाबाद. पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल से दीपावली एवं छठ पूजा त्योहारों पर घर जाने वालों के लिए नवंबर महीने मे 13 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि दीपावली एवं छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मुख्य रूप से उत्तर भारत की ओर जाने वाली विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के माध्यम से बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
इनमें प्रमुख रूप से साबरमती-लालकुआं, असारवा-कानपुर सेंट्रल, असारवा-आगरा कैंट, भुज-बांद्रा टर्मिनस, अहमदाबाद-मंगलूरु जंक्शन, साबरमती-हरिद्वार, अहमदाबाद-दरभंगा, गांधीधाम-भागलपुर, साबरमती-प्रयागराज, अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल, अहमदाबाद-मालदा टाउन, असारवा-प्रयागराज एवं अहमदाबाद-राजगीर विशेष ट्रेनें शामिल हैं।

प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच की व्यवस्था

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए गए हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध हो सकें। इसके अतिरिक्त, राजकोट एवं भुज की ओर से आने वाली तथा अहमदाबाद एवं साबरमती स्टेशनों से होकर गुजरने वाली लगभग 20-25 थ्रू-पासिंग ट्रेनों के यात्रियों के आवागमन को भी ध्यान में रखते हुए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने बताया कि रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) एवं ट्रैफिक पुलिस द्वारा आपसी समन्वय से एक विस्तृत योजना तैयार की गई है। इसके अंतर्गत अनारक्षित यात्रियों की भीड़ को अलग-अलग व्यवस्थित करने तथा आरक्षित टिकट वाले यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा

अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों के साथ-साथ रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) की एक अतिरिक्त कंपनी की सहायता से पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। अहमदाबाद स्टेशन पर 55, साबरमती स्टेशन पर 40 तथा असारवा स्टेशन पर 15 अतिरिक्त आरपीएफकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, अहमदाबाद, साबरमती एवं असारवा रेलवे स्टेशनों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दिन-रात ड्यूटी लगाई गई है। यात्रियों को होल्डिंग एरिया में व्यवस्थित रूप से बैठाने तथा निर्धारित समय पर कतारबद्ध तरीके से ट्रेनों में चढ़ाने की विशेष व्यवस्था की गई है। साथ ही, महिला यात्रियों, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर 119 तथा साबरमती रेलवे स्टेशन पर 121 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। साबरमती स्टेशन पर टिकट काउंटर से लेकर होल्डिंग एरिया, प्लेटफॉर्म एवं ट्रेन में चढ़ने तक व्यवस्थित कतार प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है।

Updated on:
4 Nov 2026, 10:08 PM IST
Published on: