
मामा की हत्या के मामले में गिरफ्तार भांजे।
राजकोट. शहर के कुबलियापरा में रुपए की वसूली को लेकर भांजे ने अपने मामा पर चाकू से हमला कर दिया। जख्मी मामा ने इलाज के दौरान मंगलवार रात को सिविल अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पूर्व में दर्ज मामले में अब हत्या की धारा जोड़ी।
जानकारी के अनुसार, थोराला मेन रोड पर कुबलियापरा में रहने वाले चीनाभाई जाडेजा (52) सोमवार शाम करीब 7:30 बजे अपने घर के पास स्थित पान की दुकान पर थे। इसी दौरान उनके भांजे कमलेश उर्फ योगो परमार और उसके दो भाई विजय तथा अमित उर्फ होजरी वहां पहुंचे। तीनों ने पैसों की मांग को लेकर उनके साथ कहासुनी और झगड़ा शुरू कर दिया तथा लात-घूंसों से मारपीट की। कमलेश उर्फ योगो ने चाकू निकालकर हमला किया।
पेट के पास चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल प्रौढ़ को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई। उन्होंने थोराला पुलिस को दिए बयान में घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब सात महीने पहले बीमारी के इलाज के लिए रुपए की जरूरत होने पर उन्होंने भांजे कमलेश उर्फ योगो से 60 हजार रुपए उधार लिए थे। भांजा बार-बार रुपए की मांग करता था। इस पर उन्होंने कहा था कि फिलहाल उनके पास रुपए नहीं हैं और व्यवस्था होने पर लौटा देंगे।
सोमवार शाम को इसी बात को लेकर हमला किया गया। चाकू लगने से खून बहने लगा तो परिजन मौके पर पहुंचे। इस बीच तीनों हमलावर फरार हो गए। थोराला पुलिस ने चीनाभाई के बयान के आधार पर उनके तीनों भांजों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। हालांकि, इलाज के दौरान चीनाभाई की मौत होने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा जोड़कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए।
शहर के कुबलियापरा में रुपए की वसूली को लेकर मामा चीनाभाई जाडेजा (52) की हत्या करने के तीनों आरोपी भांजे को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। इनमें कुबलियापरा इलाके निवासी कमलेश उर्फ योगो परमार, विजय तथा अमित उर्फ होजरी शामिल हैं।
Updated on:
4 Nov 2026, 10:25 PM IST
Published on:
4 Nov 2026, 10:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.