अहमदाबाद

20 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर कंडला पोर्ट पर पहुंचा जग विक्रम जहाज

युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य से आने वाला पहला भारतीय जहाज

less than 1 minute read

अहमदाबाद. खाड़ी देशों के क्षेत्र से लगभग 20 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लेकर भारतीय जहाज जग विक्रम मंगलवार देर रात गुजरात के कच्छ जिले में स्थित कंडला पोर्ट पहुंचा। हाल ही में ईरान-अमरीका युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत पहुंचने वाला यह पहला भारतीय जहाज माना जा रहा है।
अमरीका-ईरान तनाव के चलते पिछले कुछ समय से होर्मुज क्षेत्र में समुद्री आवागमन प्रभावित रहा था, जिससे ऊर्जा आपूर्ति पर भी असर पड़ा। युद्धविराम के बाद जग विक्रम जहाज का सुरक्षित आगमन भारत के लिए एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। इस जहाज के माध्यम से एलपीजी की आपूर्ति बहाल होने से देश में गैस सप्लाई चेन को मजबूती मिलने की उम्मीद है, खासकर औद्योगिक और घरेलू उपयोग के लिए यह महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब भी करीब 15 भारतीय जहाज होर्मुज क्षेत्र में फंसे
जानकारी के अनुसार अब भी करीब 15 भारतीय जहाज होर्मुज क्षेत्र में फंसे हुए हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए संबंधित एजेंसियां लगातार प्रयासरत हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जग विक्रम जहाज का कंडला पहुंचना अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के सामान्य होने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
हालांकि, यह जहाज किस देश से आया, इस बारे में स्पष्ट रूप से नहीं बताया गया है, न ही इस बारे में आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की गई है। सिर्फ इतना बताया गया है कि यह जहाज मध्य पूर्व एशिया से एलपीजी लेकर आया और होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर कंडला पोर्ट पहुंचा।

Published on:
15 Apr 2026 10:31 pm
Also Read
View All