
मेहसाणा. जिले की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने शेयर बाजार में ऊंचे रिटर्न का लालच देकर लोगों से ठगी करने वाले फर्जी शेयर बाजार कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया। जिले के के उचरपी गांव की सीमा छापा मारकर टीम ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, जिले के उचरपी गांव की सीमा में जी.एस. फार्म के पास स्थित एक बोरवेल की कोठरी में अवैध रूप से शेयर बाजार से जुड़ा कॉल सेंटर चलाए जाने की सूचना साइबर क्राइम पुलिस टीम को मिली। सूचना के आधार पर टीम ने छापा मारा।
मौके से राजकुमार चौधरी, रोहितकुमार सेनमा, निलेशजी ठाकोर, विपुलजी ठाकोर, अंकितकुमार रावल, अमनसिंह, धवलकुमार परमार और परेश रावल सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
मेहसाणा के पुलिस उपाधीक्षक मिलाप पटेल के अनुसार, आरोपी अपने मोबाइल फोन में ‘मार्केट पल्स’ सहित अन्य ट्रेडिंग एप्लिकेशन का इस्तेमाल करते थे और शेयर बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव पर नजर रखते थे। आरोपी कथित तौर पर डमी सिम कार्ड और मोबाइल नंबरों की सूची के आधार पर लोगों को फोन करते थे। साथ ही खुद को ‘श्याम स्टॉक एडवाइजर’ कंपनी का प्रतिनिधि बताकर अपनी पहचान छिपाते थे। इसके बाद लोगों को शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर अपने बैंक खातों में पैसे जमा करवाते और ठगी करते थे।
टीम ने छापेमारी के दौरान ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले कई उपकरण और दस्तावेज जब्त किए। इनमें 13 स्मार्टफोन, 1 एक आइफोन, 7 कीपैड मोबाइल फोन, श्याम एडवाइजरी के शिवम पटेल और विकास अग्रवाल के नाम वाले दो कथित फर्जी पहचान पत्र, दो कंसल्टिंग कार्ड और डमी सिम कार्ड के कवर सहित कुल करीब 1.22 लाख रुपए का मुद्दामाल जब्त किया।
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। मुख्य सूत्रधार विष्णुभाई उर्फ बच्चन और विकास उर्फ विको के साथ-साथ डेटा उपलब्ध कराने वाले अन्य फरार आरोपियों की तलाश आरंभ की गई है।