अहमदाबाद

आणंद में रंजिश के चलते प्रौढ़ की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

आणंद. शहर के कपासिया बाजार क्षेत्र में प्रौढ़ की भारी पत्थर से चेहरे पर वार कर हत्या किए जाने के मामले का आणंद टाउन पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी मुकेश उर्फ मुको सरगरा को गिरफ्तार कर पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली।
2 min read
Murder of middle-aged man in Anand solved; accused arrested due to personal enmity
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी मृतक के चेहरे पर भारी पत्थर से किया वार

आणंद. शहर के कपासिया बाजार क्षेत्र में प्रौढ़ की भारी पत्थर से चेहरे पर वार कर हत्या किए जाने के मामले का आणंद टाउन पुलिस ने चंद घंटों के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोपी मुकेश उर्फ मुको सरगरा को गिरफ्तार कर पूरे मामले की गुत्थी सुलझा ली।
मृतक की पहचान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी निवासी तथा वर्तमान में आणंद शहर के साईं बाबा मंदिर के पीछे स्थित रबारीवास क्षेत्र में रहने वाले प्रौढ़ ओमप्रकाश चौहान (55) के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने देर रात किसी कारणवश पत्थर से वार कर ओमप्रकाश चौहान की बेरहमी से हत्या कर दी थी।
आणंद टाउन पुलिस ने मृतक के बड़े पुत्र अल्पेश चौहान की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने कपासिया बाजार और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली कि ओमप्रकाश और उसके मित्र मुकेश उर्फ मुको सरगरा (मारवाड़ी) के बीच शुक्रवार शाम आमने-सामने होने और अभद्र व्यवहार को लेकर विवाद हुआ था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने मुकेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने ओमप्रकाश की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
जांच में सामने आया कि शुक्रवार शाम हुए विवाद के बाद आरोपी ने रंजिश रख ली। इसके बाद शुक्रवार मध्यरात्रि बाद करीब साढ़े बारह बजे जब वह कपासिया बाजार से गुजर रहा था, उस समय प्रौढ़ एक दुकान के चबूतरे पर बैठा था।
रंजिश के चलते आरोपी ने फिर से प्रौढ़ के साथ कहासुनी शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने दुकान के चबूतरे से बड़ा पत्थर उठाया और प्रौढ़ के चेहरे पर जोरदार वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन आणंद टाउन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई और जांच के आधार पर कुछ ही घंटों में हत्या का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम का सीन रीक्रिएट कराया।

Updated on:
12 Jul 2026 10:01 pm
Published on:
12 Jul 2026 10:01 pm