अहमदाबाद

बुटलेगर से संपर्क के संदेह में जामनगर के हेड कांस्टेबल पर कार्रवाई

जामनगर. शहर में अवैध शराब के बड़े कारोबार पर की गई छापेमारी के मामले में पुलिस हेड कांस्टेबल संदेह के घेरे में आया। शराब तस्कर के साथ कथित संपर्क रखने के आरोप में राजकोट रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) निर्लिप्त राय ने हेड कांस्टेबल कृपालसिंह जाडेजा को निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद उनका मुख्यालय राजकोट ग्रामीण निर्धारित किया गया। यह कार्रवाई कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर की गई।
2 min read
• •
Updated: 14 Nov 2026, 9:52 PM IST
Action Taken Against Jamnagar Head Constable Over Suspected Links to Bootlegger
हेड कांस्टेबल कृपालसिंह जाडेजा।

जामनगर. शहर में अवैध शराब के बड़े कारोबार पर की गई छापेमारी के मामले में पुलिस हेड कांस्टेबल संदेह के घेरे में आया। शराब तस्कर के साथ कथित संपर्क रखने के आरोप में राजकोट रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआइजी) निर्लिप्त राय ने हेड कांस्टेबल कृपालसिंह जाडेजा को निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद उनका मुख्यालय राजकोट ग्रामीण निर्धारित किया गया। यह कार्रवाई कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर को गांधीनगर स्टेट मॉनीटरिंग सेल (एसएमसी) की टीम ने जामनगर के बी डिवीजन थाना क्षेत्र के नागहेड़ी गांव स्थित जीआइडीसी इलाके में छापेमारी की थी। इस दौरान टीम ने अंग्रेजी शराब की 10,409 बोतल जब्त की थी, जिसकी कीमत करीब 37.21 लाख रुपए आंकी गई थी। शराब सहित कुल 1.37 करोड़ रुपए का मुद्दामाल जब्त किया गया था।
कार्रवाई के बाद सूचीबद्ध शराब तस्कर राम उर्फ रामको मोढवाडिया सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ बी डिवीजन पुलिस थाने में प्रोहिबिशन एक्ट और विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि हेड कांस्टेबल कृपालसिंह जाडेजा के मोबाइल नंबर पर मुख्य आरोपी राम मोढवाडिया के गांव के इलाके से कई बार फोन कॉल आए थे। आरोपी की मां के नाम पर रजिस्टर्ड सिमकार्ड से भी हेड कांस्टेबल को कॉल किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि कॉल आने के समय हेड कांस्टेबल की मोबाइल लोकेशन जामनगर पुलिस मुख्यालय में थी, लेकिन कॉल के कुछ ही मिनटों बाद लोकेशन नागहेड़ी गांव में दर्ज हुई थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि छापेमारी वाली रात भी हेड कांस्टेबल की मोबाइल टावर लोकेशन नागहेड़ी गांव में पाई गई। इसी दौरान उनके मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप और फेसबुक के जरिए कुछ कॉल किए जाने की जानकारी भी सामने आई। उस समय वह स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) में तैनात थे। प्राथमिक जांच में यह आशंका सामने आई कि शराब तस्कर की अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के बजाय वह शराब तस्कर के संपर्क में थे और कथित तौर पर मिलीभगत कर रहे थे।

Updated on:
14 Nov 2026, 9:52 PM IST
Published on: