अहमदाबाद

Ahmedabad: 20 युवतियों को प्रेमजाल में फंसाकर ठगने वाले फर्जी पीएसआइ को क्राइम ब्रांच ने पकड़ा

-डेटिंग एप, मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर गुजरात पुलिस के पीएसआइ की वर्दी में बनाई थी एआइ जनरेटेड प्रोफाइल, राजस्थान के उदयपुर शहर का है आरोपी

2 min read
क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में फर्जी पीएसआइ।

Ahmedabad. ऑनलाइन डेटिंग एप्लीकेशन. मेट्रीमोनियल वेबसाइट के जरिए जीवनसाथी की तलाश करने वाले युवक-युवतियों को सतर्क करने वाली एक घटना अहमदाबाद शहर में सामने आई है। शहर क्राइम ब्रांच ने ऐसे ही एक मामले में एक फर्जी पुलिस उपनिरीक्षक (पीएसआइ) को पकड़ा है जिसकी पहचान हिमांशु उर्फ रॉकी पंचाल (27) के रूप में हुई जो फिलहाल अहमदाबाद के साबरमती इलाके में रहता है। आरोपी खुद को पीएसआइ रॉकी पंचाल बताता था जो मूल रूप से राजस्थान के उदयपुर का रहने वाला है।

आरोप है कि उसने डेटिंग एप, मेट्रीमोनियल वेबसाइट पर गुजरात पुलिस की पीएसआइ की यूनिफॉर्म में खुद की एआइ जनरेटेड प्रोफाइल बनाकर अपलोड की। प्रोफाइल देख संपर्क करने वाली युवतियों को प्रेमजाल और लुभावनी बातों में फंसाकर उनसे लाखों रुपए ठग लिए। एक दो नहीं बल्कि 20 युवतियों को ठगने का खुलासा हुआ है।

क्राइम ब्रांच के उपायुक्त (डीसीपी) अजीत राज्यान के मुताबिक आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से एक मोबाइल फोन, 40 हजार की नकदी, भारत सरकार, क्राइम ब्रांच साइबर सिक्युरिटी लिखा हुआ पुलिस यूनिफॉर्म वाला फोटो आइडी कार्ड, गुजरात पुलिस का लोगो, लाल रंग की पुलिस की बेल्ट, गुजरात पुलिस के बैज, अशोक स्तंभ का सिंबल वाला स्टीकर जब्त किया गया।

छह महीने में विवाह का झांसा देकर 20 युवतियों से ऐंठे पैसे

क्राइम ब्रांच के अनुसार आरोपी ने बीते छह महीनों में 20 से ज्यादा युवतियों से इस प्रकार से संपर्क करके उन्हें प्रेमजाल में फंसाया। विवाह करने का झांसा देकर उन्हें इमोशनल करके पैसे ऐंठ लिए। यह तलाकशुदा महिलाओं को भी निशाना बनाता था। आरोपी शादी डॉटकॉम, जीवनसाथी, बम्बल, हिंग, पीआरयूई, क्लेरिटी टॉकफोवर जैसी ऑनलाइन डेटिंग व मेट्रीमोनियल एप्लीकेशन के जरिए युवतियों, महिलाओं से संपर्क करता था। इसने केनवा एप, स्टेम्पर मेकर एवं सिग्नेचर मेकर का उपयोग कर भारत सरकार एवं क्राइम ब्रांच साइबर सिक्युरिटी के नाम का पीएसआइ का डुप्लीकेट आइकार्ड बनाया। स्टोर से गुजरात पुलिस का लोगो, बेल्ट, बेज, टोपी, मोनोग्राम व अन्य सामान खरीदा। युवतियों का विश्वास जीतने के लिए इन सामान को साथ रखता था। एआइ तकनीक से यूनिफॉर्म में फोटोग्राम बनाकर सोशल मीडिया व डेटिंग एप में प्रोफाइल में अपलोड करता था।

नवरंगपुरा और नरोडा थाने में दर्ज हैं मामले

आरोपी के विरुद्ध हाल ही में नवरंगपुरा थाने में एक पीडिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई। आरोप है कि उसने खुद को पीएसआइ बताते हुए विवाह का झांसा देकर पीडिता के पास से 79 हजार रुपए ऐंठ लिए। नरोडा थाने में भी एक पीडि़ता ने गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें आरोपी रॉकी पंचाल पर 1.74 लाख रुपए ठगने का आरोप है।

एक साल पहले मुंबई में हो चुका है

जांच में सामने आया कि एक साल पहले आरोपी मुंबई के नालासोपारा थाने में दर्ज बलात्कार एवं नकली पहचान देकर विश्वासघात करने के मामले गिरफ्तार हो चुका है।इस मामले में एक युवती ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें डेटिंग एप से संपर्क कर विवाह का झांसा देकर बलात्कार करने का आरोप है। इस मामले में आरोपी जमानत पर है। उसके बाद इसने अहमदाबाद की नवा वाडज की युवती से इंस्टाग्राम से संपर्क कर 50 हजार ठगे। उसे लेकर गोवा और मुंबई में घूमा। भोपाल और उदयपुर शहर की युवती से भी एप के जरिए संपर्क किया।

Published on:
22 May 2026 10:26 pm
Also Read
View All