25 अक्टूबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अहमदाबाद में 2029 में होगी आइडब्ल्यूएफ वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैम्पियनशिप

-कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 और एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के बाद गुजरात के खाते में आई दुनिया की सबसे बड़ी भारोत्तोलन प्रतियोगिता-गुजरात के उपमुख्यमंत्री सह खेल मंत्री हर्ष संघवी ने 'एक्स' पर दी जानकारी, 100 से अधिक देशों के दिग्गजों और ओलंपियनों का लगेगा जमावड़ा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

अहमदाबाद

•

image

nagendra singh rathore

•

Updated: 25 Oct 2026, 10:37 PM IST

Harsh

उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी

Ahmedabad. भारतीय खेल इतिहास में रविवार को एक स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। देश को पहली बार दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित भारोत्तोलन स्पर्धा की मेजबानी मिली है। वर्ष 2029 की 'आइडब्ल्यूएफ (अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ) की 'विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप' (वर्ल्ड वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप) का आयोजन गुजरात के अहमदाबाद शहर में किया जाएगा। यह भारत के इतिहास में पहला मौका होगा जब विश्व स्तरीय भारोत्तोलन चैंपियनशिप भारतीय धरती पर आयोजित की जाएगी।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री सह खेलमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर रविवार को एक पोस्ट साझा करते हुए इस ऐतिहासिक उपलब्धि की आधिकारिक जानकारी दी। उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि "भारत के लिए बड़ी खबर! अहमदाबाद 2029 आइडब्ल्यूएफ विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2025 और एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 के बाद, अब दुनिया के सर्वश्रेष्ठ भारोत्तोलक गुजरात आ रहे हैं"।

अहमदाबाद बना वैश्विक खेलों का नया गढ़

अहमदाबाद अब अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। शहर में इससे पहले 'राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025' और 'एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2026' के सफल आयोजन हो चुके हैं। उसके बाद अब यह सबसे बड़ा वैश्विक आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर के 100 से भी अधिक देशों के दिग्गज भारोत्तोलक, ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ी और प्रशिक्षक (कोच) अहमदाबाद पहुंचेंगे। भविष्य में भारत द्वारा ओलंपिक खेल 2036 की मेजबानी के लिए की जा रही तैयारियों के बीच यह आयोजन देश और अहमदाबाद की आयोजन क्षमता पर अंतरराष्ट्रीय स्तर की मुहर लगाने का काम करेगा। इस बड़े आयोजन से न केवल भारत की खेल साख बढ़ेगी, बल्कि गुजरात के स्थानीय खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच और अनुभव प्राप्त होगा। इससे राज्य में खेल व्यवस्था (स्पोर्ट्स इकोसिस्टम) को और अधिक मजबूती मिलेगी। 2030 के राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) की मेजबानी भी अहमदाबाद शहर को मिल चुकी है। इसके अलावा 2029 में ही वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स की मेजबानी भी गुजरात करेगा। यह खेल अहमदाबाद, गांधीनगर और एकतानगर केवडिया कॉलोनी में होंगे।