-वेजलपुर पुलिस ने आरोपी को चंद घंटों में पकड़ा, दो आरोपी अभी भी फरार, कुछ समय पहले स्पीड में वाहन चलाने को लेकर हुई थी कहासुनी।
Ahmedabad. शहर के वेजलपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने के मामले में हुए झगड़े में एक युवक की तीक्ष्ण हथियार से वार कर हत्या करने का मामला सामने आया है। इस मामले में कार्रवाई करते हुए वेजलपुर पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया है, जबकि दो आरोपी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार हत्या की यह घटना 22 अप्रेल की रात करीब 10.30 बजे जुहापुरा में आयशा मस्जिद के पास हुई थी। जुवेरिया फ्लैट निवासी मो.सालिक शेख पर फजले रब्बी सोसाइटी निवासी रेहान पठान उर्फ पानसो (19), फैसल उर्फ पच्ची पठान, फैसान उर्फ फैजू पठान ने तीक्ष्ण हथियार से वार कर दिया। इस घटना में जख्मी होने से मो.सालिक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने रेहान खान को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फैसल और फैसान नाम के दो भाई फरार हैं।
थाने के पीआइ आर.एम.चौहान के अनुसार रमजान के समय रेहान की मो.सालिक के मित्र अल्तमस सैयद के साथ बाइक को स्पीड में चलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इस संबंध में अल्तमस ने उसके इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी। इस पोस्ट को लेकर रेहान और उसको दोस्तों ने मो.सालिक को बातचीत के लिए बुलाया था। बताी जगह सालिक के उसके मित्रों के साथ पहुंचने पर आरोप है कि रेहान व उसके दोस्तों ने चाकू से सालिक पर वार कर दिया, जिससे गंभीर रूप से जख्मी होने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में रेहान को मिलन पार्क सोसाइटी के पास से पकड़ लिया है।