23 अप्रैल 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Ahmedabad: शहर में 419 संवेदनशील मतदान केन्द्र, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

-शहर पुलिस आयुक्त ने असारवा, बहेरामपुरा, दाणीलीमडा क्षेत्र के बूथों का लिया जायजा, शहर में 419 मतदान केन्द्र हैं संवेदनशील, आठ हजार से ज्यादा सुरक्षा कर्मचारियों की होगी तैनाती। 26 अप्रेल को होना है मतदान।

2 min read
Google source verification
Shahpur Booth

अहमदाबाद शहर के शाहपुर क्षेत्र में स्थित एक मतदान केन्द्र का जायजा लेते शहर पुलिस आयुक्त जी एस मलिक। साथ हैं अन्य अधिकारी।

Ahmedabad. अहमदाबाद महानगर पालिका के 48 वार्ड की 192 में से 190 सीटों पर 26 अप्रेल को मतदान होना हैं। उसके लिए अहमदाबाद शहर पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में संवेदनशील मतदान केन्द्रों की संख्या 419 है। इन पर सुरक्षा के और भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गुरुवार को शहर पुलिस आयुक्त जी.एस. मलिक ने शहर के असारवा, बहेरामपुरा व अन्य क्षेत्रों में संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया। सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को मौके पर जाकर परखा।

पुलिस आयुक्त ने असारवा, दाणीलीमडा के पिराणा रोड, बेहरामपुरा और शाहपुर क्षेत्र में रंगीला पुलिस स्टेशन क्षेत्र स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारी और चुनाव अधिकारी भी मौजूद रहे।

मलिक ने स्थल पर सुरक्षा इंतजाम का विस्तार से निरीक्षण किया और जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने मतदान के दिन शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए अहमदाबाद शहर पुलिस पूरी तरह तैयार है। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त गश्त, तैनाती और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस बल ने व्यापक योजना बनाई है।

8 हजार सुरक्षा कर्मचारियों की होगी तैनाती

शहर पुलिस आयुक्त जी.एस.मलिक ने संवाददाताओं को बताया कि 26 अप्रेल को मतदान होना है, उसके लिए पुलिस की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है। पुलिस और होमगार्ड 8 हजार के करीब सुरक्षा कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सात एसआरपी कंपनी रहेंगी। पैरामिलिट्री फोर्स की भी मदद ली जाएगी। शहर में कुल 1316 बिल्डिंग हैं। उनमें 419 संवेदनशील बिल्डिंग हैं। 895 सामान्य बिल्डिंग हैं। इसके अलावा दो बिल्डिंग अति संवेदनशील हैं। इनमें कुल 4172 बूथ हैं। कुछ में दो व उससे ज्यादा बूथ हैं।

साइबर क्राइम डीसीपी रखेंगे सोशल मीडिया पर नजर

अहमदाबाद में 26 अप्रेल को होने जा रहा महानगर पालिका के चुनाव व उससे पहले सोशल मीडिया पर नजर रखने के लिए अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच उपायुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह सोशल मीडिया पर चुनाव को लेकर होने वाले पोस्ट पर नजर रखेंगे। यदि कोई आदर्श आचार संहिता को भंग हो ऐसी पोस्ट, वीडियो, टिप्पणी या फोटो साझा करता है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।