22 जनवरी तक महकेगा फ्लावर शो
Ahmedabad: मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गुरुवार को साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित 14वें इंटरनेशनल फ्लावर शो का उद्घाटन किया। भारत एक गाथा थीम पर आधारित यह आयोजन भारत की सांस्कृतिक विविधता, उपलब्धियों और भावनाओं को एक ही मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। शो 22 जनवरी तक चलेगा जिसमें देश-विदेश के फूलों की अनेक किस्में प्रदर्शित की जा रही हैं।इस बार 10524 वर्गमीटर क्षेत्र में फैले फ्लावर शो के प्रवेश द्वार पर फूलों से बने दो विशाल शेर आगंतुकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हैं। कमल फाउंटेन से सजे प्रवेश क्षेत्र में राष्ट्रीय गर्व का वातावरण निर्मित किया गया है। शो में ‘शाश्वत भारत’ ज़ोन, 30 मीटर व्यास का भव्य फूल मंडल, पौराणिक गाथाओं के फूल शिल्प, भारतीय नृत्य परंपराओं का प्रदर्शन और आधुनिक भारत की उपलब्धियों को दर्शाने वाले विशेष ज़ोन शामिल हैं। बच्चों के लिए रंगीन और मनोरंजक ज़ोन भी तैयार किया गया है।
भीड़ को ध्यान में रखते हुए चार विशेष प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। एलिसब्रिज फ्लावर पार्क, मल्टिलेवल कार पार्किंग फुट ओवरब्रिज, इवेंट सेंटर रिवरफ्रंट वेस्ट और अटल ब्रिज का पूर्वी छोर। इसके अलावा ऑडियो गाइड, क्यूआर कोड से जानकारी, सॉवेनियर शॉप, नर्सरी, चाइल्ड केयर यूनिट और फूड स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हैं।
भारत की पारंपरिक किस्में गेंदा, गुलाब, कमल, चमेली, सूरजमुखी और हिबिस्कस के साथ विदेश की ट्यूलिप, ऑर्किड, कार्नेशन, लिली, क्राइसेंथेमम और गेरबेरा जैसी अंतरराष्ट्रीय किस्में प्रदर्शित की गई हैं। इन फूलों से पौराणिक कथाओं, आधुनिक उपलब्धियों और सांस्कृतिक विविधता को कलात्मक रूप दिया गया है।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल और शहरी विकास राज्यमंत्री दर्शनाबेन वाघेला, महापौर प्रतिभा बेन, स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांंग दाणी, कई विधायक भी मौजूद रहे।