अहमदाबाद. महानगरपालिका (मनपा) की स्थायी समिति ने चुनावी वर्ष में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का 18518 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। पिछले दिनों मनपा आयुक्त की ओर से यह बजट 17018 करोड़ रुपए का पेश किया था, जिसमें 1500 करोड़ रुपए का इजाफा किया गया है।खास बात यह है कि इसमें 2030 कॉमनवेल्थ […]
अहमदाबाद. महानगरपालिका (मनपा) की स्थायी समिति ने चुनावी वर्ष में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 का 18518 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। पिछले दिनों मनपा आयुक्त की ओर से यह बजट 17018 करोड़ रुपए का पेश किया था, जिसमें 1500 करोड़ रुपए का इजाफा किया गया है।खास बात यह है कि इसमें 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कई नई परियोजनाएं शामिल की गई हैं। महापौर प्रतिभा जैन की अध्यक्षता में मंगलवार को स्थायी समिति के अध्यक्ष देवांग दाणी ने यह बजट पेश किया। बजट बैठक के बाद उन्होंने कहा कि पेश किए गए बजट में से 11082.85 करोड़ रुपए शहर के समग्र विकास पर खर्च किए जाएंगे।
बजट में करदाताओं को राहत देने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। सामाजिक कल्याण योजनाओं में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अहमदाबाद दर्शन बस टूर, थलतेज में अंग्रेज़ी माध्यम स्मार्ट स्कूल और छात्राओं को सैनिटरी पैड वितरण शामिल है। सैनेटरी पैड योजना से लगभग 25 हजार छात्राओं को लाभ मिलेगा। साथ ही मनपा का लक्ष्य है कि शहर को डस्ट- फ्री और भिखारी मुक्त (बेगर्स फ्री) शहर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा, इसके लिए बजट में से शुरुआती राशि प्रस्तुत की गई है।
प्रॉपर्टी टैक्स में अग्रिम भुगतान करने वाले नागरिकों को 15 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। लगातार तीन वर्षों तक ऑनलाइन अग्रिम भुगतान करने वालों को यह रिबेट दिया जाएगा। वहीं, नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत सभी नए इलेक्ट्रिक वाहनों पर आजीवन वाहन कर में 100 फीसदी छूट दी जाएगी। ट्रस्ट‑चलित अस्पतालों और फिजियोथेरेपी केंद्रों को भी 70 प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स रिबेट मिलेगा।शहर के तेजी से विस्तार को देखते हुए आधारभूत संरचना और टाउन प्लानिंग पर विशेष ध्यान दिया गया है। भाडज, ओगणाज, जगतपुर और निकोल में नई टीपी स्कीम के लिए 120 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। जर्जर ड्रेनेज लाइनों के पुनर्वास पर 115 करोड़ और नए स्टॉर्मवॉटर पंपिंग स्टेशन पर 100 करोड़ खर्च होंगे।
अहमदाबाद शहर के हरेक जोन में महिलाओं के लिए जिम्नेशियम बनाने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय किया है। शहर के सात जोन में एक-एक महिला जिम्नेशियम बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए पांच करोड़ रुपए का प्रावधान है।
मनपा ने रेलवे लाइन के किनारे स्थित झुग्गियों के पुनर्विकास और हरियाली बढ़ाने के लिए 10 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। योजना के तहत झुग्गी क्षेत्रों में ग्रीनरी और बाग‑बगीचे विकसित किए जाएंगे, जिससे पर्यावरण सुधरे और नागरिकों को बेहतर जीवन‑स्तर मिले।