शिकायतकर्ता पहले भी भ्रष्टाचार विरुद्ध उठा चुके हैं आवाज।
गुजरात भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने अहमदाबाद महानगर पालिका के वार्ड इंस्पेक्टर संजय कुमार पटेल को 9 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है।
एसीबी के तहत गांधीनगर के रायसण इलाके में वृंदावन हिल्स निवासी पटेल मूलरूप से साबरकांठा जिले की तलोद तहसील के वाव गांव का रहने वाला है। अहमदाबाद महानगर पालिका में वार्ड इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है।
शहर के आंबावाडी भूदरपुरा रोड पर स्थित अश्वमेघ एलिगन्स पार्ट-1 में ऑफिस को किराए पर लेने वाले व्यक्ति के पास से एएमसी के वार्ड इंस्पेक्टर ने रिश्वत की मांग की थी।
ऑफिस का वर्ष 2024-25 का प्रोपर्टी टैक्स शिकायतकर्ता को भरना बाकी था। प्रोपर्टी टैक्स के लिए ऑफिस में किराएदार के रूप में मापन (आकरणी) नहीं करने के लिए पहले 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में 9 हजार रुपए मांगे। एसीबी ने शनिवार को जाल बिछाकर आरोपी को 9 हजार की घूस लेते हुए रंगेहाथों पकड़ लिया।
एसीबी के तहत वर्ष 2012 में जूनियर क्लर्क कम वार्ड इंस्पेक्टर के रूप में मनपा में नौकरी पर लगे पटेल ने आठ साल तक गीता मंदिर के पास स्थित जन्म-मृत्यु पंजीकरण एवं विवाह पंजीकरण कार्यालय में काम कियाा। वर्ष 2021 से पटेल मनपा के प्रोपर्टी विभाग में कार्यरत हुए। अभी इनकी 54 हजार रुपए सैलरी है।
पटेल के विरुद्ध शिकायत करने वाले व्यक्ति इससे पहलेे भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध शिकायत कर चुके हैं। अहमदाबाद शहर एसीबी थाने की पीआई डी बी गोस्वामी और स्टाफ ने यह कार्रवाई की।