अहमदाबाद

ahmedabad सिविल अस्पताल में 115 यूनिट रक्त एकत्र

सिविल अस्पताल में हाल ही में रक्तदान, अंगदान, दवाओं के सुरक्षित उपयोग और मरीजों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम किए गए।
2 min read
Ahmedabad news
सिविल अस्पताल में चिकित्सक जागरूक करते हुए।

अहमदाबाद. केंद्र सरकार के सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत बी.जे. मेडिकल कॉलेज एवं सिविल अस्पताल में हाल ही में रक्तदान, अंगदान, दवाओं के सुरक्षित उपयोग और मरीजों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम किए गए। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी ने बताया कि अभियान के तहत एक महीने तक रक्तदान शिविरों के साथ विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कैंप होंगे। रक्तदाताओं को अंगदान के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

115 यूनिट रक्त एकत्र

डॉ. जोशी ने बताया कि सिविल अस्पताल की ओर से 1200 बेड अस्पताल में सुबह 9 से रात 9 बजे तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया। शाम 5 बजे तक विभिन्न शिविरों में करीब 115 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। रक्तदाताओं को अंगदान की प्रतिज्ञा दिलाई गई। अस्पताल परिसर में दोपहर 12 बजे आयोजित अंगदान शपथ कार्यक्रम में डॉक्टर, नर्सिंग, सुरक्षा, प्रशासनिक और वर्ग-4 के कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारियों के लिए क्यूआर कोड के जरिए एनओटीटीओ की वेबसाइट पर ऑनलाइन अंगदान शपथ लेने की व्यवस्था भी ली गई। इसी दौरान छठे राष्ट्रीय फार्माकोविजिलेंस सप्ताह की शुरुआत हुई। फार्माकोलॉजी विभाग की ओर से मरीजों और परिजनों को दवाओं के सुरक्षित एवं तर्कसंगत उपयोग की जानकारी देने के लिए रोल-प्ले किया गया। इसमें बिना डॉक्टर की सलाह दवा नहीं लेने और दवा के दुष्प्रभाव की सूचना देने का संदेश दिया गया।

रील मेकिंग प्रतियोगिता का भी होगा आयोजनआगामी दिनों में रेजिडेंट डॉक्टर, विभागाध्यक्ष, फार्मासिस्ट, बायोमेडिकल इंजीनियर और फार्माकोलॉजी के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम तथा रील मेकिंग प्रतियोगिता भी होगी।

सेवा मेरा योगदान अभियान में 14 हजार से अधिक लोगों को मिलीं स्वास्थ्य सेवाएं

अहमदाबाद. सेवा मेरा योगदान अभियान के तहत अहमदाबाद महानगरपालिका की ओर से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में मेगा मेडिकल कैंप आयोजित किए गए। अभियान के तहत 13 कम्युनिटी हेल्थ सेंटर और एक अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर में लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। कैंपों में गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का टीकाकरण, रक्त जांच, हाइपरटेंशन व डायबिटीज स्क्रीनिंग तथा ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई। जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाएं दी गईं और आवश्यकतानुसार उच्च चिकित्सा केंद्रों पर रेफर किया गया।

कैंपों में जनरल ओपीडी के 5059, गायनेकोलॉजी के 1269, मेडिकल के 1258, शिशु रोग के 1223, हड्डी रोग के 999 और त्वचा रोग के 1368 मामलों समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने सेवाओं का लाभ लिया। इसके अलावा 8942 लैब टेस्ट, 1112 रक्त जांच, 1331 हाइपरटेंशन और 1166 डायबिटीज स्क्रीनिंग की गई। टीबी के 241 मरीजों की स्क्रीनिंग भी हुई।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जा रहे हैं। मनपा की 10 सुविधाओं पर आयोजित शिविरों में अब तक 231 यूनिट रक्त एकत्र हुआ है। वहीं, 7756 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन देकर सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में पहल की गई।

Updated on:
17 Sept 2026 10:32 pm
Published on:
17 Sept 2026 10:31 pm