
Ahmedabad news : अहमदाबाद शहर के सरखेज-ग्यासपुर कैनाल के पास मंगलवार को भीषण आग लगने से गरीब परिवारों के आशियाने उजड गए। झुग्गी बस्ती में अचानक भड़की आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जब तक इस पर काबू पाया गया तब तक 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग लगने के कारणों और किसी संभावित साजिश सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
आग लगते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए सामान छोड़कर बाहर निकल गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की घटना से स्थानीय नागरिकों में चिंता है। इससे पहले भी यहां आग की घटना सामने आई थी।घटना की सूचना मिलते ही अहमदाबाद दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से बड़ी संख्या में झुग्गियां और उनमें रखा घरेलू सामान जल गया, जिससे प्रभावित परिवारों को काफी नुकसान होने की आशंका है।
अहमदाबाद दमकल विभाग के इंचार्ज चीफ फायर ऑफिसर मिथुन मिस्त्री के अनुसार, कैनाल के पास दो अलग-अलग झुग्गियों में एक ही समय आग लगी। उन्होंने कहा कि एक साथ दो स्थानों पर आग लगने की घटना सामान्य नहीं लगती है।गौरतलब है कि कुछ महीने पहले भी इसी झुग्गी बस्ती में आग लगने की घटना हुई थी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों और किसी संभावित साजिश सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, आग जानबूझकर लगाए जाने की अभी पुष्टि नहीं हुई है।