
अहमदाबाद शहर में पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने एक नई पहल की है। शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल सीजी रोड पर म्युनिसिपल मार्केट के निकट 'पेलिकन सिग्नल' (बटन दबाने वाला ट्रैफिक सिग्नल) का प्रायोगिक तौर पर संचालन शुरू किया गया है। इस व्यवस्था के जरिए अब पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए ट्रैफिक के बीच जोखिम उठाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने की उम्मीद भी है।
शहर में लगातार बढ़ते यातायात और व्यस्त मार्गों पर पैदल यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए मनपा और ट्रैफिक पुलिस ने यह कदम उठाया है। फिलहाल इस सिग्नल को म्युनिसिपल मार्केट के पास ट्रायल आधार पर स्थापित किया गया है। इसके संचालन, प्रभाव और नागरिकों की प्रतिक्रिया का संयुक्त रूप से अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस और मनपा की ओर से अध्ययन किया जाएगा।
मनपा के अनुसार पेलिकन सिग्नल विशेष रूप से पैदल यात्रियों के लिए तैयार की गई स्मार्ट और आधुनिक व्यवस्था है। सड़क पार करने की आवश्यकता होने पर व्यक्ति को सिग्नल पोल पर लगे बटन को दबाना होगा। बटन दबाते ही सिग्नल प्रणाली सक्रिय हो जाएगी और कुछ क्षणों बाद वाहनों के लिए लाल बत्ती हो जाएगी। इसके बाद यातायात नियंत्रित रूप से रुक जाएगा और पैदल यात्रियों को सड़क पार करने के लिए पर्याप्त समय मिलेगा। निर्धारित समय पूरा होने के बाद सिग्नल फिर सामान्य स्थिति में आ जाएगा और वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी।
मनपा ने नागरिकों से इस नई व्यवस्था का उपयोग करने और वाहन चालकों से सिग्नल नियमों का पालन करने की अपील की है। यदि यह प्रयोग सफल रहता है तो शहर के अन्य व्यस्त और अधिक यातायात वाले क्षेत्रों में भी पेलिकन सिग्नल लगाए जाएंगे। स्मार्ट और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में इसे अहमदाबाद का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।