अहमदाबाद

गुजरात में पटाखों से 62 लोग झुलसे, शहर में सर्वाधिक 13 मरीज

। दीपावली पर चलाए जाने वाले पटाखों और उनके चलते आग की चपेट में आने के चलते गुजरात में 62 लोगों के झुलसने के मामले सामने आए। इनमें सर्वाधिक 13 मामलों के साथ अहमदाबाद शहर प्रदेश में सबसे आगे रहा।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 4:50 PM IST
Ahmedabad news
फाइल फोटो

Ahmedabad दीपावली पर आतिशबाजी और जश्न के बीच प्रदेश में आपातकालीन (इमरजेंसी) चिकित्सा सेवाओं पर दबाव बढ़ गया। त्योहार के दिन 108 एम्बुलेंस सेवा को सामान्य दिनों की तुलना में 13.12 प्रतिशत अधिक इमरजेंसी मामलों को हैंडल करना पड़ा। दीपावली पर चलाए जाने वाले पटाखों और उनके चलते आग की चपेट में आने के चलते गुजरात में 62 लोगों के झुलसने के मामले सामने आए। इनमें सर्वाधिक 13 मामलों के साथ अहमदाबाद शहर प्रदेश में सबसे आगे रहा। सबसे ज्यादा वृद्धि सड़क हादसों और अन्य दुर्घटनाओं में दर्ज की गई। वाहन दुर्घटनाओं के मामले सामान्य दिनों के 646 से बढ़कर 1,212 हो गए।

108 एम्बुलेंस सेवा के आंकड़ों के अनुसार, सामान्य दिनों में जहां कुल 5,246 इमरजेंसी मामले दर्ज होते हैं, वहीं दिवाली के दिन यह संख्या बढ़कर 5,934 पहुंच गई। कुल मामलों में 688 की वृद्धि दर्ज की गई।108 इमरजेंसी सेवा के गुजरात के जनसंपर्क अधिकारी विकास बिहानी के अनुसार, त्योहार के दौरान आपात स्थितियों से निपटने के लिए एम्बुलेंस सेवा की टीमें अलर्ट थीं और जरूरतमंदों तक तत्काल सहायता पहुंचाने की व्यवस्था की गई थी।

वाहन हादसों और ट्रॉमा के मामले बढ़े

सामने आए आंकड़ों के अनुसार, वाहन दुर्घटनाओं से जुड़े ट्रॉमा मामलों में 87.49 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, गैर-वाहन दुर्घटनाओं से जुड़े ट्रॉमा के मामले भी सामान्य दिनों के 595 से बढ़कर 1,043 हो गए, जो 75.17 प्रतिशत अधिक हैं। अज्ञात समस्या से जुड़े मामले 8.39 प्रतिशत और विषाक्तता (पॉइजनिंग) के मामले 5.28 प्रतिशत बढ़े। डायबिटीज से जुड़ी इमरजेंसी में भी 26.19 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर, गर्भावस्था संबंधी इमरजेंसी में 3.58 प्रतिशत, पेट दर्द में 21.50 प्रतिशत, सांस की तकलीफ में 14.56 प्रतिशत और हृदय संबंधी मामलों में 8.82 प्रतिशत की कमी रही। तेज बुखार के मामलों में भी 31.09 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

गांधीनगर-राजकोट में पांच-पांच केस

दिवाली के दौरान झुलसने के कुल 62 मामलों में अहमदाबाद में 13 और सूरत में 12 लोग प्रभावित हुए। कच्छ और राजकोट में 5-5, गांधीनगर और वडोदरा में 4-4 मामले दर्ज हुए। आणंद, भावनगर, जामनगर, नर्मदा, तापी और वलसाड में 2-2 लोग झुलसे। अन्य जिलों में एक-एक मामला सामने आया।

Updated on:
9 Nov 2026, 4:50 PM IST
Published on: