
ahmedabad: हाथों में तिरंगा, जुबां पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष के साथ बुधवार को शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने और स्वतंत्रता पर्व के उपलक्ष्य में अहमदाबाद महानगरपालिका की ओर से निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
रायपुर से उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने तिरंगा लहराकर यात्रा का शुभारंभ किया। इसमें शहरी विकास राज्यमंत्री दर्शना वाघेला भी यात्रा में शामिल हुईं।यात्रा के पूरे मार्ग को तिरंगे और देशभक्ति की थीम से सजाया गया था। रायपुर चार रास्ता, खाडिया गेट और सारंगपुर चार रास्ता सहित विभिन्न स्थानों पर 11 स्वागत मंच बनाए गए, जहां देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल में जोश भर दिया।
मनपा ल बोर्ड के शिक्षकों ने यात्रा में 300 फीट लंबा विशाल तिरंगा शामिल किया। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग तिरंग लेकर यात्रा में चल रहे थे। पुलिस की विभिन्न प्लाटून, एसआरपी जवान, पुलिस बैंड, फायर विभाग, होमगार्ड, स्काउट बैंड के साथ विद्यार्थी-शिक्षक, खिलाड़ी तथा विभिन्न समाजों और संस्थाओं के प्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल हुए। मनपा के स्वच्छता, पर्यावरण, राष्ट्रभावना और शहर के विकास पर आधारित टैबलो भी आकर्षण का केंद्र रहे। सारंगपुर पहुंचकर यात्रा का भव्य आतिशबाजी के साथ समापन हुआ। यहां उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी सहित अन्य गणमान्य लोगों ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई।
हाथों में तिरंगा और पैरों में स्केट्स पहने बच्चे यात्रा में विशेष आकर्षण बने। उत्साह के साथ स्केटिंग करते हुए आगे बढ़ते बच्चों ने यात्रा के माहौल में जोश भर दिया।इस बार मनपा के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विभाग ने पहली बार ‘स्वच्छता ब्रिगेड’ को भी यात्रा से जोड़ा। सफाई कर्मचारियों, कचरा पृथक्करण निगरानी टीमों और व्यवहार परिवर्तन टीमों ने यात्रा से पहले और बाद में सफाई की जिम्मेदारी संभाली। इस तरह तिरंगे के सम्मान के साथ शहर को स्वच्छ रखने का संदेश भी दिया गया।
इस रूट पर बुधवार को तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शहर के नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा अहमदाबाद शहर के महापौर हितेश बारोट, विधायक अमित ठाकर, दिनेशसिंह कुशवाह समेत शहर के विधायकगण, उप महापौर अंजूबेन शाह, स्टैंडिंग कमेटी चेयरमैन कमलेश पटेल, मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि, पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलौत, कलक्टर भव्य वर्मा समेत अनेक अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।