12 अगस्त 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

32वीं मंजिल पर क्रेन से लटका मिला युवक का शव, आत्महत्या की आशंका

शहर के सबसे व्यस्ततम माने जाने वाले एसजी हाईवे पर बुधवार सुबह एक निर्माणाधीन इमारत के शीर्ष पर ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने वहां काम करने वाले श्रमिकों को स्तब्ध कर दिया।
2 min read
Google source verification
ahmedabad news

निर्माणाधीन इमारत जिसमें लगी क्रेन पर लटका मिला युवक का शव।

Ahmedabad: शहर के एसजी हाइवे स्थित निरमा यूनिवर्सिटी के सामने निर्माणाधीन एक इमारत की 32वीं मंजिल पर क्रेन से 22 वर्षीय युवक का शव लटका मिला। सुबह काम पर पहुंचे श्रमिकों की नजर शव पर पड़ी तो साइट पर हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान प्रीतम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह इसी निर्माणाधीन साइट पर क्रेन ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। प्रारंभिक जांच में उसके आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उसने यह कदम क्यों उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है।

करीब 300 फीट की ऊंचाई पर हुई घटना

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार घटना मंगलवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि प्रीतम रात में निर्माणाधीन इमारत की 32वीं मंजिल पर था। इसी दौरान उसने क्रेन के पास फंदा लगाकर जान दे दी। जमीन से करीब 300 फीट की ऊंचाई पर हुई इस घटना की जानकारी रातभर किसी को नहीं हो सकी। बुधवार सुबह करीब आठ बजे साइट पर श्रमिक और कर्मचारी पहुंचे। इसी दौरान उनकी नजर 32वीं मंजिल पर क्रेन से लटकते शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह बात पूरे निर्माण स्थल पर फैल गई। साइट के जिम्मेदार लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज

सूचना मिलते ही सोला हाईकोर्ट पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। ऊंचाई अधिक होने के कारण शव को नीचे लाने में फायर ब्रिगेड की टीम को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

श्रमिकों, कर्मचारियों, ठेकेदार से पूछताछ

साइट पर उसके साथ काम करने वाले श्रमिकों, कर्मचारियों और ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है। परिवार के सदस्यों से भी उसके हाल के व्यवहार और परिस्थितियों की जानकारी ली जा रही है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन और हाल के संपर्कों की भी जांच कर रही है। फिलहाल घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं से जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

अन्य घटनाओं में दो युवकों ने भी की आत्महत्या

अहमदाबाद शहर में मंगलवार को अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। पहली घटना माधवपुरा इलाके की है, जहां विशाल दंताणी (25) ने अपने घर पर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर माधवपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। दूसरी घटना मेघाणी नगर की है जहां अर्जुन पटणी (21) ने दोपहर अपने घर पर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजन उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शाम करीब छह बजे बजे उसकी मौत हो गई। संबंधित पुलिस ने मामले दर्ज किए।