
बारिश के पानी में मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के लिए किया जा रहा कीटनाशक छिड़काव।
ahmedabad शहर में बारिश के बीच मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। मच्छरजनित और जलजनित रोगों के नए मामलों के साथ वायरल बुखार के मरीज भी अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) की ओर से रोगों के रोकथाम के लिए निगरानी, जांच और रोकथाम अभियान चलाया जा रहा है।
मनपा के आंकड़ों के अनुसार एक से नौ अगस्त के दौरान डेंगू के 19, मलेरिया (पीवी) के 13, फाल्सीपेरम (जहरीले मलेरिया) का एक तथा चिकनगुनिया का एक मरीज सामने आया। वहीं उल्टी-दस्त के 113, पीलिया के 17 और टाइफाइड के 46 मामलों की पुष्टि हुई। जनवरी से नौ अगस्त तक शहर में डेंगू के 246, मलेरिया के 188, फाल्सीपेरम मलेरिया के 20 और चिकनगुनिया के चार मामले दर्ज किए गए हैं। इसी अवधि में उल्टी-दस्त के 3,669, पीलिया के 469 और टाइफाइड के 1,247 मरीज मिले हैं।
साथ ही रोगों की रोकथाम के तहत मनपा ने एक से नौ अगस्त के बीच 21353 रक्त नमूनों और 1395 डेंगू सीरम नमूनों की जांच कराई। इसके अलावा 3,88,415 क्लोरीन टेस्ट किए गए, जिनमें 150 नमूने मानक से कम पाए गए। 54,811 पानी के नमूनों की जांच में 256 नमूने अनुपयुक्त (अनफिट) मिले, जिन पर आवश्यक कार्रवाई की गई। मनपा का दावा है कि शहर के प्रभावित इलाकों में मच्छरों की ब्रीडिंग को नष्ट करने के लिए कार्य किया जा रहा है। इसके लिए कीटनाशक छिड़काव के अलावा फॉगिंग की जा रही है। शहर के विविध हिस्सों में सफाई अभियान और खाद्य पदार्थों की दुकानों पर जांच भी की जा रही है।
सिविल अस्पताल में भी मौसमी बीमारियों के चलते मरीजों की संख्या बढ़ी है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी के अनुसार अगस्त माह के 11 दिनों में अस्पताल में वायरल बुखार के 153, हेपेटाइटिस के 62, उल्टी-दस्त के 52, डेंगू के आठ, मलेरिया पीवी के 12, मलेरिया पीएफ के चार और चिकनगुनिया के तीन मरीज उपचार के लिए पहुंचे। पिछले सात दिनों में सिविल अस्पताल की ओपीडी में 27,927 मरीजों ने उपचार कराया। इसके अलावा अस्पताल में अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों में भी वृद्धि हुई है।
Updated on:
11 Aug 2026 10:38 pm
Published on:
11 Aug 2026 10:38 pm
