
गोंडल में सुरेश्वर महादेव।
प्रभास पाटण. मेहसाणा. राजकोट. गुजरात में सावन माह गुरुवार से आरंभ होगा। इस दौरान शिवालयों में दर्शन-पूजा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे। प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ में 30 दिवसीय श्रावण शिव महोत्सव मनाया जाएगा। मेहसाणा जिले के वडनगर में डमरू यात्रा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से ऐतिहासिक नगरी गूंजेगी।
प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव की धरती पर 30 दिवसीय श्रावण शिव महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को होगा, समापन 11 सितंबर श्रावण वद अमावस्या के दिन होगा। इस दौरान हर हर भोले, जय सोमनाथ के जयघोष की गूंज रहेगी। श्रावण मास के दौरान विभिन्न पर्वों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्री सोमनाथ ट्रस्ट द्वारा मंदिर में 30 दिवसीय 51 कुंडीय महामृत्युंजय यज्ञ का आयोजन किया जाएगा। सोमनाथ महादेव के सवा लाख बिल्वपत्र श्रृंगार, रुद्राक्ष श्रृंगार, भस्म दर्शन, वैष्णव दर्शन और श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सहित 30 दिनों के अलग-अलग धार्मिक महत्व वाले श्रृंगार किए जाएंगे। ट्रस्ट ने आवास, भोजन, दर्शन, पूजा और अन्य सुविधाओं के लिए माइक्रो मैनेजमेंट के तहत विशेष व्यवस्थाएं की हैं।
सोमनाथ मंदिर सोमवार और प्रमुख पर्वों के दिन सुबह 4 बजे खोला जाएगा। बुजुर्ग, अशक्त और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग से मंदिर तक पहुंचने के लिए गुजरात पर्यटन विभाग के सहयोग से नि:शुल्क टॉय ट्रेन की व्यवस्था की जाएगी। दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को मंदिर से तुरंत बाहर निकलना होगा।
वडनगर की धरती पर गुरुवार से 7 सितंबर तक श्रावणोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखने वाले वडनगर शहर में श्रावण मास के दौरान डमरू यात्रा, महामृत्युंजय जाप प्रतियोगिता और सांस्कृतिक महोत्सव सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधि विभाग, गुजरात पर्यटन निगम तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में स्थानीय नागरिकों के साथ पर्यटकों, कलाकारों और श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है। श्रावण मास के प्रथम दिन से प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक वडनगर में डमरू यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह प्रभात फेरी शहर के निर्धारित तीन मार्गों से होकर हाटकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी। शिक्षा विभाग द्वारा राज्यभर की संस्कृत पाठशालाओं और वडनगर की स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए महामृत्युंजय जाप प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
श्रावण मास के प्रत्येक रविवार को शाम 7 से रात 8:30 बजे तक शर्मिष्ठा तालाब के किनारे ‘वडनगर श्रावणोत्सव’ के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 16 अगस्त को शिव वंदना, 23 को संगीत साधना, 30 अगस्त को ध्यान-भक्ति, 6 सितंबर को सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति दी जाएगी। सूचना आयुक्त कार्यालय की ओर से युवाओं और कंटेंट क्रिएटर्स के लिए माईगोव प्लेटफॉर्म पर सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
राजकोट जिले के गोंडल में वेरी तालाब के किनारे 332 साल पुराने सुरेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार से श्रावण मास के दौरान मंदिर में नियमित रूप से वट पूजा और लघुरुद्र का आयोजन किया जाएगा।
गिर सोमनाथ जिले में ऊना-गिर के बीच जंगल में स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर इस बार श्रावण मास में भी भक्तों के लिए खुला रहेगा। श्रद्धालु भगवान शिव का अभिषेक, बिल्व पूजा और रुद्राभिषेक सहित शिव आराधना कर सकेंगे।
Updated on:
12 Aug 2026 10:43 pm
Published on:
12 Aug 2026 10:43 pm
