अहमदाबाद

रथयात्रा में पहली बार एआइ फेस रिकग्निशन, हाथियों की सुरक्षा-निगरानी को गजरक्षक स्मार्ट ट्रैकिंग सिस्टम

-सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखेगा नया सिस्टम, उपमुख्यमंत्री सह हर्ष संघवी ने रथयात्रा की सुरक्षा व्यवस्था-तैयारी की समीक्षा की, एंटी ड्रोन तकनीक का भी होगा इस्तेमाल, हजारों सीसीटीवी कैमरे से होगी लाइव निगरानी
2 min read
Sanghvi in Ahmedabad
अहमदाबाद में रथयात्रा की तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री हर्ष संघवी।

Ahmedabad. आषाढ़ी दूज के अवसर पर 16 जुलाई को निकलने वाली भगवान जगन्नाथ की 149 वीं रथयात्रा में इस साल पहली बार आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) आधारित फेस रिकग्निशन सिस्टम, गजरक्षक स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके साथ ही एंटी ड्रोन तकनीक का इस साल भी उपयोग होगा।

गुजरात के उपमुख्यमंत्री सह गृहमंत्री हर्ष संघवी ने शहर में निकलने वाली ओडिशा के जगन्नाथ पुरी के बाद देश की दूसरी सबसे बड़ी रथयात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से की जा रही तैयारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने विभागों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

रथयात्रा के इतिहास में पहली बार मार्ग पर शामिल होने वाले हाथियों की सुरक्षा और उनकी लाइव लोकेशन की निगरानी के लिए 'गजरक्षक स्मार्ट ट्रैकिंग सिस्टम' अपनाया जाएगा। बीते साल एक हाथी के आक्रोश में आ जाने के चलते यह कदम उठाया जा रहा है। इसके अलावा ट्रकों और अखाड़ों के संचालकों का 'प्रतिरक्षा' एप के जरिए आधार आधारित सत्यापन किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने हेतु 'पिनाक' सॉफ्टवेयर आधारित एआइ फेस रिकग्निशन सिस्टम का उपयोग किया जाएगा। हवाई सुरक्षा के लिए एंटी-ड्रोन गन और जैमर टीम तैनात रहेगी।

पूरे रथयात्रा मार्ग पर हजारों सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।बैठक में डि़प्टी सीएम ने कहा कि रथयात्रा मार्ग पर कड़ा पुलिस बंदोबस्त, यातायात का सुचारु संचालन तथा आपातकालीन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए गए। बैठक में रथयात्रा सुरक्षा योजना पर विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों के निरीक्षण, स्थानीय सामाजिक एवं धार्मिक नेताओं से किए जा रहे संवाद, असामाजिक तत्वों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने तकनीक और मानव संसाधन के बेहतर समन्वय से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर बल देने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, राज्य के पुलिस महानिदेशक जी.एस. मलिक, शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत, मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणी, कलक्टर भव्य वर्मा सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रथयात्रा मार्ग पर तिरंगा यात्रा निकाली

भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और लोगों में देशभक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से अहमदाबाद शहर पुलिस द्वारा गुरुवार को संवेदनशील इलाकों तथा रथयात्रा मार्ग पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। शहर पुलिस आयुक्त अनुपम सिंह गहलोत व अन्य अधिकारियों ने भी यात्रा में मौजूद रहकर शांति, सद्भाव और सुरक्षित रथयात्रा का संदेश दिया।

Updated on:
09 Jul 2026 10:16 pm
Published on:
09 Jul 2026 10:16 pm