
अहमदाबाद के नए आरटीओ कार्यालय का लोकार्पण करने के बाद एआइ टेस्ट ट्रैक सिस्टम की जानकारी लेते उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी।
Ahmedabad. गुजरात के उपमुख्यमंत्री सह परिवहन मंत्री हर्ष संघवी ने गुरुवार को शहर के सुभाष ब्रिज के पास नवनिर्मित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नागरिकों को तकनीक आधारित, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नया आरटीओ कार्यालय शुरू होने से ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सरल और सुविधाजनक हो जाएंगी। साथ ही कार्यालय में स्थापित एआइ आधारित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक से ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होगी। केवल योग्य आवेदकों को ही ड्राइविंग लाइसेंस मिलेगा।
गुजरात सरकार के बंदरगाह एवं परिवहन विभाग की ओर से शहर में निर्मित यह नया आरटीओ कार्यालय अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है। यहां गैर-परिवहन एवं परिवहन वाहनों से जुड़े कार्य, नए वाहनों का पंजीकरण, परमिट, फिटनेस, ब्लैकलिस्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, डीएल/चालान शाखा, आरएमए, एएमसी टैक्स तथा कैश शाखा सहित विभिन्न सेवाओं के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए हैं। इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर सरल, त्वरित, सुव्यवस्थित और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अहमदाबाद के आरटीओ बालकृष्ण सूर्यवंशी ने संवाददाताओं को बताया कि यहां पर नया एआइ आधारित ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक बनाया है। यह सोमवार से शुरू किया जाएगा। इसमें फोर व्हीलर के लिए चार चरण में टेस्ट लिया जाएगा। पहला चरण रिवर्स एस, दूसरा-अंग्रेजी के 8, तीसरा-पैरेलल पार्किंग, चौथा चार ढाल का है। रिवर्स एस और अंग्रेजी 8 टेस्ट में उसमें दो बार कर्व हिट मंजूर होंगे। हर चरण में ट्रैफिक लाइट रखी गई है। उसका उल्लंघन करने पर भी उम्मीदवार को फेल माना जाएगा। हर चरण के लिए 60 से लेकर 120 सेकंड की समयावधि तय की गई है। इस अवधि में ही टेस्ट को पास करना होगा।
- 260 लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशेष क्षेत्र तैयार जो पूरी तरह वातानुकूलित
- लर्निंग लाइसेंस का एक साथ 26 लोग टेस्ट दे सकेंगें
-टेस्ट ट्रैक वीडियो रूम भी जिसमें 100 लोग एक साथ टू-व्हीलर
-फोर व्हीलर टेस्ट के तरीके, नियम का वीडियो देख सकेंगे
Updated on:
09 Jul 2026 10:28 pm
Published on:
09 Jul 2026 10:28 pm
