देश में 17 शहरों की सौर शहरों के रूप में की गई पहचान
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह घोषणा की कि सूर्यवंशी भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या शहर सोलर सिटी बनेगी। महात्मा मंदिर में सोमवार को री-इन्वेस्ट मीट 2024 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर तो बना है लेकिन वे दुनिया को बताना चाहते हैं कि अब सूर्यवंशी भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या को मॉडल सोलर सिटी बनाने का लक्ष्य है। करीब-करीब काम पूरा होने को है। केन्द्र सरकार अयोध्या को एक आदर्श सौर शहर बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के हर घर, हर कार्यालय, हर सेवा को सौर ऊर्जा से ऊर्जान्वित करने का प्रयास किया जा रहा है। मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अयोध्या की कई सुविधाएं और घर सौर ऊर्जा से ऊर्जान्वित हो रहे हैं। अयोध्या में बड़ी संख्या में सौर स्ट्रीट लाइट, सौर चौराहे, सौर नावें, सौर जल एटीएम और सौर भवन भी देखे जा सकते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने भारत में ऐसे 17 शहरों की पहचान की है जिन्हें इसी तरह सौर शहरों के रूप में विकसित किया जाना है।