अहमदाबाद

खंभात की बेटी बिल्कीस नाज़ बनेगी बुलेट ट्रेन की पायलट, मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल परियोजना में चयनित, गुजरात से पहली युवती

आणंद. गुजरात के खंभात की बेटी बिल्कीस नाज़ मिर्ज़ा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (एचएसआर) परियोजना में पायलट के रूप में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही वह गुजरात से इस पद के लिए चयनित होने वाली पहली युवती बन गई हैं। देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में उनकी यह सफलता न केवल खंभात, बल्कि पूरे गुजरात के लिए गौरव का विषय है।
2 min read
• •
Updated: 9 Nov 2026, 4:56 PM IST
Bilquis Naz from Khambhat to Become a Bullet Train Pilot; Selected for the Mumbai-Ahmedabad High-Speed ​​Rail Project—The First Woman from Gujarat
बिल्कीस नाज़ मिर्ज़ा

आणंद. गुजरात के खंभात की बेटी बिल्कीस नाज़ मिर्ज़ा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनका चयन मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल (एचएसआर) परियोजना में पायलट के रूप में हुआ है। इस उपलब्धि के साथ ही वह गुजरात से इस पद के लिए चयनित होने वाली पहली युवती बन गई हैं। देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में उनकी यह सफलता न केवल खंभात, बल्कि पूरे गुजरात के लिए गौरव का विषय है।
बिल्कीस की शुरुआती शिक्षा खंभात में हुई। इसके बाद उन्होंने धर्मज और अन्य स्थानों से उच्च शिक्षा प्राप्त की। कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल करने के बाद उन्होंने तकनीकी क्षेत्र में कॅरियर बनाने का निर्णय लिया। बड़े सपने देखने वाली बिल्कीस ने अपनी योग्यता और तकनीकी ज्ञान को लगातार निखारा और इसी का परिणाम है कि आज वह देश की महत्वाकांक्षी हाई स्पीड रेल परियोजना का हिस्सा बनने जा रही हैं।


अहमदाबाद मेट्रो से शुरू हुआ सफलता का सफर

जून 2021 में बिल्कीस ने अहमदाबाद मेट्रो रेल परियोजना में ट्रेन ऑपरेटर और स्टेशन कंट्रोलर के रूप में कार्यभार संभाला। करीब पांच वर्षों तक उन्होंने जिम्मेदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ सेवाएं दीं। मेट्रो संचालन के दौरान हासिल किए गए अनुभव ने उन्हें हाई स्पीड रेल परियोजना में आगे बढ़ने का अवसर दिया।

लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में दिखाई प्रतिभा

नई दिल्ली में आयोजित लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद बिल्कीस ने एचएसआर पायलट पद के लिए साक्षात्कार भी सफलतापूर्वक पास किया। चयन प्रक्रिया के दौरान अधिकारियों ने उनकी तकनीकी जानकारी, मानसिक तैयारी, सतर्कता और आत्मविश्वास को परखा। सभी आवश्यक मानकों पर खरा उतरने के बाद उनका चयन किया गया।

माता-पिता के सहयोग से पूरा हुआ सपना

बिल्कीस ने अपनी सफलता का श्रेय माता गुलनार बेगम, पिता फैयाज हुसैन और परिवार को दिया। उन्होंने बताया कि खंभात में उच्च शिक्षा की पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के बावजूद माता-पिता ने उनकी पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आने दी। पारंपरिक मुस्लिम परिवार से होने के बावजूद माता-पिता ने उनके सपनों और कॅरियर को पूरा समर्थन दिया। परिवार के इसी सहयोग और प्रोत्साहन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद की।

सूरत में ले रही हैं विशेष प्रशिक्षण

बिल्कीस ने बताया कि वर्तमान में एचएसआर पायलट पद के लिए देशभर से दो युवतियों का चयन हुआ है, जिनमें वह गुजरात की पहली युवती हैं। इससे पहले चयनित 16 लोगों के बैच को प्रशिक्षण के लिए जापान भेजा गया था। अब देश में ही प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध हो रही है। फिलहाल बिल्कीस सूरत में बुलेट ट्रेन संचालन से संबंधित विशेष प्रशिक्षण ले रही हैं।

बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

बिल्कीस का कहना है कि हर बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर आत्मनिर्भर बनाना चाहिए। विद्यार्थियों को विषय का चयन दूसरों की देखा-देखी या परिवार और समाज के दबाव में नहीं, बल्कि अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार करना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कॅरियर मार्गदर्शन की कमी पर भी चिंता जताई। उनके अनुसार विद्यार्थियों को बीए और बीकॉम जैसे पारंपरिक विकल्पों के अलावा विज्ञान, तकनीक और आधुनिक रोजगार के क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी भी दी जानी चाहिए, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुरूप कॅरियर चुन सकें।

Updated on:
9 Nov 2026, 4:56 PM IST
Published on: