
वडोदरा. शहर की मांजलपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी सतीश पटेल और कांग्रेस उम्मीदवार भीखा रबारी ने अपने अपने नामांकन भरे। भाजपा विधायक योगेश पटेल के निधन से यह सीट खाली हुई थी।
भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा की उपस्थिति कलक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इससे पहले विशाल जनसभा और ‘विजय विश्वास बाइक रैली’ का आयोजन किया गया। शुरुआत में भाजपा नेताओं ने दिवंगत विधायक योगेश पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
जनसभा में विश्वकर्मा ने कहा कि भाजपा सामान्य कार्यकर्ताओं को अवसर देने वाली पार्टी है और सतीश पटेल इसका जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि दिवंगत योगेश पटेल ने भी एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की थी और लगातार 8 बार जनता का विश्वास जीतकर अंतिम समय तक जनसेवा का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। उनकी लोकप्रियता और जनता से जुड़ाव आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सतीश पटेल को संगठन और प्रशासन का वर्षों का अनुभव है तथा उन्होंने बिना किसी अपेक्षा के पार्टी की सेवा की है। इस अवसर पर भाजपा ने सोमवार को वडोदरा में अपने चुनाव संचालन कार्यालय का उद्घाटन किया।
उधर, कांग्रेस के उम्मीदवार भीखा रबारी ने भी सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा की उपस्थिति में कलक्टर कार्यालय पहुंचकर में नामांकन पत्र दाखिल किया।
इससे पहले लहेरीपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में चावड़ा ने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने की अपील की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रैली निकालते हुए कलक्टर कार्यालय पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया में भाग लिया।
चावड़ा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस ने इस उपचुनाव में जनसेवा के लिए समर्पित, ईमानदार और गरीबों की आवाज रहे पूर्व मंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष भीखा रबारी को उम्मीदवार बनाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा क्षेत्र का चुनाव नहीं, बल्कि भाजपा की "ट्रिपल इंजन सरकार" के भ्रष्टाचार, कुशासन और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता की लड़ाई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा के भ्रष्टाचार और उसके सहयोगियों के दबाव के कारण हर वर्ष विश्वामित्री नदी में मानव निर्मित बाढ़ आती है, जिससे मांजलपुर सहित पूरे वडोदरा में लोगों को करोड़ों रुपए की संपत्ति का नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलता जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी।