अहमदाबाद

अंबाजी मंदिर में दानपेटी से नकदी चोरी, मुख्य आरोपी सहित 3 गिरफ्तार

पालनपुर. बनासकांठा जिले में शक्तिपीठ अंबाजी मंदिर में दानपेटी से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई आंतरिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आउटसोर्स कर्मचारी समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी चिराग ठाकोर के साथ विवेक शर्मा व निकुंज पटेल को गिरफ्तार किया।
2 min read
Cash Stolen from Ambaji Temple Donation Box; 3 Arrested, Including Prime Accused
अंबाजी मंदिर (फाइल फोटो)

ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था की सख्त, पूरी गिनती प्रक्रिया होगी लाइव

पालनपुर. बनासकांठा जिले में शक्तिपीठ अंबाजी मंदिर में दानपेटी से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई आंतरिक जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक आउटसोर्स कर्मचारी समेत तीन लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी चिराग ठाकोर के साथ विवेक शर्मा व निकुंज पटेल को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, अंबाजी मंदिर में आउटसोर्स कर्मचारी चिराग ठाकोर ने 5 मई को अन्य कर्मचारियों के साथ नोटों की गिनती के समय एक बंडल अपने पैरों के नीचे छिपाया। यह दृश्य सीसीटीवी में कैद हो गया। नोटों की गिनती के दौरान बाथरूम जाने के बहाने से कमरे से बाहर निकला। तभी जेब से नोटों का बंडल नीचे गिर गया। वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों ने अधिकारियों को सूचना दी।
मंदिर ट्रस्ट के चेयरमैन सह कलक्टर मिहिर पटेल ने अतिरिक्त कलक्टर को चिराग ठाकोर के खिलाफ मामला दर्ज कराने का आदेश दिया। मामला दर्ज कराने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अंबाजी मंदिर के प्रशासक कौशिक मोदी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आउटसोर्स कर्मचारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है तथा मामले में शामिल अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
नकदी चोरी का मामला सामने आने के बाद अंबाजी मंदिर देवस्थान ट्रस्ट ने सुरक्षा व्यवस्था और दानपेटियों की गिनती प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने का निर्णय लिया है। ट्रस्ट अब पूरी गिनती प्रक्रिया को रिकॉर्ड करेगा और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम भी किए जाएंगे। ट्रस्ट के अनुसार, दानपेटियों में प्राप्त राशि की गिनती के दौरान पूरी प्रक्रिया मंदिर परिसर में स्थापित बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाइव प्रदर्शित की जाएगी, ताकि श्रद्धालु और आम नागरिक भी गिनती की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से देख सकें।
इसके अलावा गिनती कक्ष के प्रत्येक हिस्से को कवर करने के लिए लगभग 30 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जाएगी, जिससे भविष्य में इस प्रकार की किसी भी घटना की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
ट्रस्ट ने गिनती प्रक्रिया में लगे चार आउटसोर्स कर्मचारियों को भंडार की गिनती से हटाने का निर्णय लिया है। साथ ही, गिनती कक्ष में प्रवेश और बाहर निकलने के दौरान संबंधित कर्मचारियों की एसआरपी जवानों द्वारा कड़ी जांच की जाएगी।

Updated on:
13 Jul 2026 09:38 pm
Published on:
13 Jul 2026 09:38 pm