अहमदाबाद

मुख्यमंत्री पटेल ने अमरेली जिले के नागरिकों को दी 707 करोड़ की सौगात

14 विकास कार्यों का शिलान्यास, 10 का किया लोकार्पण

3 min read

राजकोट. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को अमरेली जिले के नागरिकों को 707 करोड़ की सौगात दी। उन्होंने जिले की आधारभूत सुविधाओं को वेग देने वाले तथा जनकल्याण के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास किया।
अमरेली एपीएमसी में समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि अमरेली जिले के विकास के लिए राज्य सरकार उदारतापूर्वक आवश्यक धन उपलब्ध कराएगी। उन्होंने जिले के विकास कार्यों का सुव्यवस्थित नियोजन तथा गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की सावधानी रखते हुए विकास यात्रा को आगे बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समाज के सुदूरवर्ती व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध विकास आवश्यक है। उन्होंने शहरों में जैसी सुविधाएं उपलब्ध हुई है, वैसी ही सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों में भी उपलब्ध कराने पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए विकसित गुजरात की मंशा को चरितार्थ करने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

270 करोड़ रुपए की लागत से मछालिया बाइपास-रिंग रोड बनेगी

ऊर्जा एवं कानून राज्यमंत्री कौशिक वेकरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों लगभग 270 करोड़ रुपए की लागत से मछालिया बाइपास-रिंग रोड का शिलान्यास किया गया। अमरेली रिवरफ्रंट के लिए 50 करोड़ रुपए की योजना को बढ़ाकर 70 करोड़ रुपए की मंजूरी दी गई है।
विकास कार्यों की सौगात के तहत आगामी समय में लाठी रोड के रेलवे फाटक पर 95 करोड़ रुपए की लागत से ओवरब्रिज तैयार होगा। बाबापुर मार्ग पर 35 करोड़ रुपए की लागत से कॉलेज ऑफ नेचुरल फार्मिंग बनाया जाएगा। वडिया शहर और तहसील को पहले विज्ञान कॉलेज की सुविधा मिली है। युवाओं के लिए 25 करोड़ रुपए की लागत से विज्ञान केंद्र और 16 करोड़ रुपए की लागत से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में एनएलआरएम योजना की लाभार्थी महिलाओं को चेक वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को घर की चाबियों की प्रतीकात्मक भेंट दी गई। प्राथमिक कृषि ऋण समितियों को आर्थिक प्रोत्साहन के चेक दिए गए। 69वीं राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 स्कूल हैंडबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। दिव्यांगजनों को ई-ट्राइसाइकिल प्रदान की गई।

सीएम ने ‘महिमावंत मेहसाणा’ के तहत जिले को 938 करोड़ रुपए की दी भेंट

मेहसाणा. मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने रविवार को विसनगर में ‘महिमावंत मेहसाणा’ कार्यक्रम के तहत जिले को 938 करोड़ रुपए की भेंट दी। मुख्यमंत्री ने विसनगर तथा महेसाणा जिले के लिए 630 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का शिलान्यास, 168 करोड़ रुपए से अधिक के कार्यों का भूमिपूजन तथा 140 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों को जनता के लिए समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं को पोषण किट वितरित की गई। नागरिकों ने मुख्यमंत्री की उपस्थिति में स्वदेशी अपनाने की शपथ ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि मेहसाणा जिले के विकास के लिए सरकार के पास भंडार की कोई कमी नहीं है और जिले से आने वाले प्रत्येक उचित कार्य को प्राथमिकता देकर मंजूरी दी जाएगी। मेहसाणा-पालनपुर रेलवे लाइन का दोहरीकरण और वर्षों से लंबित तारंगा-अंबाजी रेलवे लाइन को मिली मंजूरी इस क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देगी।
प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर को विश्वस्तरीय हेरिटेज टाउन के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने प्रेरणा स्कूल, पुरातात्विक संग्रहालय तथा रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब यह जिला फूड प्रोसेसिंग हब के रूप में भी उभर रहा है।
ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल्स मंत्री ऋषिकेश पटेल ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों के लिए 11,000 करोड़ रुपए का महत्वपूर्ण पैकेज घोषित किया है, जिसके अंतर्गत मेहसाणा के किसानों को फसल नुकसान के लिए 250 करोड़ रुपए से अधिक की राशि सीधे उनके खातों में जमा की गई है। जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करते हुए विजापुर और खेरालु को सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल की भेंट मिली है, साथ ही शिक्षा क्षेत्र में एमएन साइंस कॉलेज के साथ नई कॉलेजों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की गई हैं।

Published on:
22 Mar 2026 10:30 pm
Also Read
View All

अगली खबर