
अहमदाबाद।महानगरपालिका ने रोजाना बड़ी संख्या में वाहनों के यातायात से व्यस्त रहने वाले नरोड़ा क्रोसिंग में फ्लायओवर का निर्माण करने के लिए गुरुवार को हरी झण्डी दे दी है। अहमदाबाद-हिम्मतनगर राजमार्ग के नरोड़ा रेलवे क्रोसिंग नम्बर-09 पर करीब 93.52 करोड़ की लागत से प्रस्तावित फ्लायओवर के निर्माण को लेकर मनपा स्थायी समिति की ओर से गुरुवार को दी गई स्वीकृति के अनुसार फ्लायओवर प्रोजेक्ट डीपीआर तैयार करके शहरी विकास एवं शहरी गृह निर्माण विभाग की स्वीकृति को भेजी जाएगी।
चुनावी का दृष्टिकोण
विपक्ष के नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि मनपा का अभियांत्रिकी विभाग संबंधित रेलवे क्रोसिंग के यातायात का भारी बोझ कम करने के लिए पिछले दस सालों से वहां फ्लाय ओवर के निर्माण का सुझाव दे रहा था। वर्ष 2016-17 के बजट में भी नरोड़ा क्रोसिंग फ्लायओवर बनाने का प्रावधान किया गया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। अब विधानसभा चुनाव को देखते हुए गुरुवार को स्थायी समिति में आवश्यक कार्य एजेण्डा में प्रस्ताव शामिल कर उसे तात्कालिक मंजूरी दी गई। यही काम दस साल पहले होता तो ट्रैफिक जाम की समस्या से पहले ही छुटकारा मिल गया होता।