अहमदाबाद

Ahmedabad: क्राइम ब्रांच ने 10 लाख कीमत का गांजा किया जब्त, एक आरोपी को पकड़ा

पकड़ा गया आरोपी राजस्थान का मूल निवासी, 20 किलो गांजा बरामद, अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने अखबारनगर सर्कल के पास दबिश देकर पकड़ा, दो अन्य आरोपी फरार, इसमें भी एक आरोपी राजस्थान के भीलवाड़ा का रहने वाला
2 min read
NDPS case accused
अहमदाबाद शहर क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आरोपी।

Ahmedabad. शहर क्राइम ब्रांच की टीम ने एमडी ड्रग्स और गांजा की बिक्री करने वालों पर शिकंजा कसा है। टीम ने अखबार नगर सर्कल के पास दबिश देकर एक आरोपी को पकड़ा। उसके पास से करीब 10 लाख रुपए कीमत का लगभग 20 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो आरोपियों को फरार घोषित किया है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि अखबारनगर सर्कल के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर गुजरने वाला है। इस आधार पर संबंधित जगह पर दबिश दी गई जहां से सतीश कुमार मेहता (41) को पकड़ा गया। आरोपी मूलरूप से राजस्थान के भीलवाड़ा जिले की मांडल तहसील के चाकेडे गांव का रहने वाला है और वर्तमान में अहमदाबाद के बलोलनगर में न्यू क्रष्णानगर की चाली में रहता है।जल्दी से पकड़ में नहीं आए इसके लिए आरोपी ने पीप में गांजा छिपाया था। पुलिस ने गांजे के साथ एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी इस गांजा को भीलवाड़ा जिले की आसिन्द तहसील के करणगढ़ गांव निवासी सीताराम गुर्जर के पास से लेकर आया था। इसके साथ साबरमती सेंंट्रल जेल की चाली में रहने वाला प्रवीण ठाकोर भी इस मामले में लिप्त है। ऐसे में सीताराम और प्रवीण को फरार घोषित किया गया है। जांच में पता चला कि आरोपी का आपराधिक इतिहास है। इसके विरुद्ध बापूनगर, राणीप, महेसाणा जिले के विसनगर तहसील थाना में मामले दर्ज हो चुके हैं। 2022 में राजस्थान के सिरोही थाने में एनडीपीएस के मामले में भी यह पकड़ा जा चुका है।

कूरियर से एमडी ड्रग्स की तस्करी मामले में 33 लाख की मेफेड्रोन जब्त

अहमदाबाद. कूरियर के जरिए मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स की तस्करी करने के मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने 329 ग्राम एमडी ड्रग्स और बरामद की जिसकी कीमत 33 लाख रुपए है। इससे पहले क्राइम ब्रांच की टीम ने आसुराम उर्फ अशोक कुमार भादू (32) को गिरफ्तार कर उसके पास से 37 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त की थी। आरोपी मूलरूप से राजस्थान के बालोतरा जिले की गुडामालानी तहसील के बारूडी गांव का रहने वाला है। आरोपी की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ओढव यमुनापार्क सोसाइटी के मकान में किराए पर रहता है। उसकी निशानदेही पर उसके मकान में दबिश देकर वहां से 329 ग्राम मेफेड्रोन और जब्त की गई है। आरोपी के पास से अब तक कुल 70 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त की जा चुकी है।

Published on:
27 Jun 2026 09:31 pm