Ahmedabad. देश के 28 राज्यों के लोगों के पास से 930 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में लिप्त पांच आरोपियों को गुजरात पुलिस ने पकड़ा है।गांधीनगर स्थित साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की टीम ने साइबर ठगी के मामलों की एक के बाद एक कड़ी को जोड़ते हुए इन आरोपियों को चिन्हित किया […]
Ahmedabad. देश के 28 राज्यों के लोगों के पास से 930 करोड़ रुपए की साइबर ठगी करने के मामले में लिप्त पांच आरोपियों को गुजरात पुलिस ने पकड़ा है।गांधीनगर स्थित साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की टीम ने साइबर ठगी के मामलों की एक के बाद एक कड़ी को जोड़ते हुए इन आरोपियों को चिन्हित किया और पकड़ने में सफलता पाई है। जांच में सामने आया कि यह आरोपी काफी शातिर हैं। इन्हें अहमदाबाद, गिर सोमनाथ और मुंबई से पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपियों में अब्दुल पानवाला, मुस्ताक खानानी, मुंबई थाणे निवासी शब्बीर भडेला, मो.ताहा भडेला और अहमदाबाद निवासी गगजी राजपूत शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी अलग-अलग राज्यों के लोगों को अच्छी कमाई और कमीशन का झांसा देकर उनके पास से उनके बैंक अकाउंट और किट ले लेते थे। फिर उसके बैंक खाते में साइबर ठगी के पैसे जमा कराते और उसके एटीएम, चेकबुक के जरिए उसे निकाल लेते थे। पकड़े गए आरोपियों की ओर से अन्य लोगों के नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाने और उसमें साइबर ठगी के पैसे जमा कराने की बात सामने आई है। उसके बाद फोरेक्स प्री पेड कार्ड के जरिए दुबई से पैसे साइबर ठग गिरोह की ओर से पैसा निकालने की बात सामने आई है। इनके पास से मिले बैंक अकाउंट में 930 करोड़ की साइबर ठगी की राशि जमा हुई है।
जांच में सामने आया कि आरोपी डिजिटल अरेस्ट करके साइबर ठगी करने वाले गिरोह, इन्वेस्टमेंट फ्रॉड गिरोह, यूपीआइ फ्रॉड, डिपॉजिट फ्रॉड, लोन फ्रॉड और पार्ट टाइम जॉब फ्रॉड करने वाले गिरोह से लिप्त हैं। वॉट्सएप, टेलीग्राम के जरिए शातिर आरोपी लोगों को फंसाते थे।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि पकड़े गए इन पांच आरोपियों के विरुद्ध देश के 28 राज्यों में साइबर ठगी के 1534 मामले दर्ज हैं। इसमें सबसे ज्यादा गुजरात में 264, कर्नाटक में 156, राजस्थान में 89, म.प्र. में 26, पश्चिम बंगाल में 51, छत्तीसगढ़ में 11, तेलंगाना में 97, झारखंड में 12, आंध्रप्रदेश में 53, असम में 16, बिहार में, 43, दिल्ली में 73, हरियाणा में 56, केरल में 55, जम्मू एवं कश्मीर में 15 मामले दर्ज हैं।