अहमदाबाद

गुजरात में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में रेकॉर्ड वृद्धि

-दुपहिया से लेकर यात्री वाहनों तक सभी प्रमुख श्रेणियों में बढ़ोतरी, फाडा की जून 2026 रिटेल वाहन बिक्री डेटा रिपोर्ट में सामने आई तस्वीर
2 min read
AI
एआइ तस्वीर।

Ahmedabad.. गुजरात में वाहनों की बिक्री का जोर बरकरार है। जून 2026 के दौरान पिछले वर्ष जून की तुलना में वाहनों की बिक्री में 25.22 फीसदी की वृद्धि देखने को मिली। इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की बिक्री में अब तक की रेकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई। ईवी की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 80 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है।

यह तथ्य फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) की ओर से जारी की गई जून 2026 की रिटेल वाहन बिक्री डेटा रिपोर्ट में सामने आए हैं। रिपोर्ट के अनुसार राज्य में जून 2026 में कुल 1,76,377 वाहनों की बिक्री हुई, जबकि जून 2025 में यह संख्या 1,40,859 थी। ऐसे में बीते साल की तुलना में 25.22 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।

आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक बिक्री दुपहिया वाहनों की हुई। जून 2026 में 1,16,208 दुपहिया वाहन बिके, जबकि जून 2025 में इनकी संख्या 1,00,612 थी। इस श्रेणी में 15.50 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई।जून 2026 में 35,055 यात्री वाहन बिके, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह आंकड़ा 25,270 था। इस श्रेणी में 38.72 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो सभी प्रमुख श्रेणियों में सबसे अधिक है। वाणिज्यिक वाहनों (सीवी) की खुदरा बिक्री भी बढ़ी है। जून 2026 में 6,942 वाणिज्यिक वाहन बिके, जबकि जून 2025 में इनकी संख्या 5,232 थी। इस श्रेणी में 32.68 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं तीन पहिया वाहनों (तिपहिया) की बिक्री 6,780 से बढ़कर 7,880 पहुंच गई, जो 16.22 प्रतिशत की बढ़ोतरी को दर्शाती है। ट्रैक्टर श्रेणी ने सबसे अधिक वृद्धि दर्ज की। जून 2026 में 9,585 ट्रैक्टरों की खुदरा बिक्री हुई, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 1,815 था। इस श्रेणी में 428.10 प्रतिशत की असाधारण सालाना वृद्धि दर्ज की गई।

ईवी की 10 फीसदी हिस्सेदारी

फाडा गुजरात के अध्यक्ष प्रणव शाह ने बताया कि इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है। इलेक्ट्रिक यात्री कारों और इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहनों, दोनों की मांग अब तक के सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गई है। ईवी की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर 80 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसके परिणामस्वरूप कुल खुदरा वाहन बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी भी 10 प्रतिशत से अधिक हो गई है। इसके पीछे कई कारण हैं। विभिन्न श्रेणियों में नए मॉडलों की लॉन्चिंग, अर्थव्यवस्था की सकारात्मक स्थिति, उपभोक्ताओं का बढ़ता विश्वास, कम ब्याज दर और पेट्रोल, डीजल, सीएनजी की बढ़ती कीमतें ईवी की बिक्री में वृद्धि का प्रमुख कारण हैं।

Updated on:
07 Jul 2026 10:02 pm
Published on:
07 Jul 2026 10:01 pm