अहमदाबाद

दिवाली पर गुजरात में आपातकालीन कॉल में 12 फीसदी की वृद्धि

-108 ने आम दिनों की तुलना में ज्यादा कॉल किए अटैंड, मार्ग दुर्घटनाओं में 73 फीसदी तो अन्य हादसों में 75 फीसदी का इजाफा

2 min read

Ahmedabad. रोशनी के पर्व दीपावली पर गुजरात में आम दिनों की तुलना में आपातकालीन कॉल में 12 फीसदी की वृद्धि देखी गई।वाहन हादसों के अटैंडेट कॉल में 73 फीसदी तो अन्य हादसों के कॉल में 75 फीसदी की बढोत्तरी दर्ज की गई। यह वृद्धि 108 की ओर से जताए गए 7.77 की वृद्धि के अनुमान से अधिक है।108 एंबुलेंस के प्रवक्ता विकास बिहानी की ओर से मंगलवार को जारी दीपावली पर अटैंड किए गए आपातकालीन मामलों के आंकड़ों के तहत आम दिनों में दैनिक 4825 आपातकालीन कॉल आते हैं। दीपावली के दिन यह आंकड़ा 5406 पर पहुंच गया। सबसे ज्यादा 44.50 फीसदी की वृद्धि अरवल्ली जिले में दर्ज की गई, जबकि पंचमहाल में 39.40 फीसदी ,मोरबी में 39.08 फीसदी, दाहोद में 37.86, कच्छ में 27.19 और सूरत में 21.78 फीसदी अधिक आपातकालीन मामलों को अटैंड कर मरीजों को अस्पताल पहुंचाया।

इनमें वाहन दुर्घटनाएं, अन्य हादसे, पेट दर्द, सांस लेने में तकलीफ, हार्टअटैक, तेज बुखार, विषाक्त का असर, मिर्गी, मधुमेह समस्या, स्ट्रोक, तेज सिरदर्द व अन्य मामले शामिल हैं।

आग से झुलसने में 480 फीसदी की वृद्धि

दीपावली के दिन आग से झुलसने के मामलों में 480 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। आम दिन में ऐसे 10 कॉल आते हैं, दिवाली के दिन आग से झुलसने के 58 आपातकालीन कॉल 108 एंबुलेंस ने अटैंड किए। सबसे ज्यादा 17 मामले अहमदाबाद में अटैंड किए। उसके बाद सूरत में आठ लोगों के झुलसने के चलते जख्मी होने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। जामनगर में पांच, नवसारी में चार, वडोदरा, वलसाड, राजकोट में तीन-तीन लोग झुलसे, जिन्हें हॉस्पिटल पहुंचाया।

दाहोद में वाहन दुर्घटनाएं 289 फीसदी बढ़ीं

दीपावली पर राज्य में वाहन दुर्घटनाओं में सबसे ज्यादा 289 फीसदी की वृद्धि दाहोद में रेकॉर्ड की गई। आम दिनों में दाहोद में 14 वाहन दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाना पड़ता है, लेकिन दीपावली के दिन यह संख्या 54 दर्ज की गई। उसके बाद बोटाद में 248 फीसदी, छोटा उदेपुर में 240 फीसदी, पंचमहाल में 189 फीसदी, जूनागढ़ में 138 फीसदी और साबरकांठा में 133 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। अहमदाबाद में 18 फीसदी, सूरत में 83 फीसदी वाहन दुर्घटनाओं की इमरजेंसी बढ़ी। राज्य में दिवाली के दिन कुल 919 वाहन दुर्घटनाओं की इमरजेंसी कॉल 108 एंबुलेंस ने अटैंड की, आम दिनों में यह 529 होती हैं। गांधीनगर में 30 फीसदी, डांग जिले में 13 फीसदी और सुरेन्द्रनगर में 10 फीसदी वाहन हादसों में कमी दर्ज की गई।

त्यौहार पर मारपीट के मामले 144 फीसदी बढ़े

त्यौहार पर मारपीट के चलते आपातकालीन मामलों में 144 फीसदी की वृद्धि देखी गई। आम दिनों में ऐसे 160 मामले 108 एंबुलेंस अटैंड करती है, लेकिन दिवाली के दिन 391 ऐसे कॉल अटैंड कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सबसे ज्यादा 705 फीसदी की वृद्धि दाहोद जिले में दर्ज की गई। जहां आम दिन में चार कॉल आते हैं, दिवाली के दिन मारपीट से जुड़े 29 आपातकालीन कॉल अटैंड किए गए। 500 फीसदी की वृद्धि कच्छ जिले में रेकॉर्ड की गई, जहां आम दिनों के तीन मामलों की जगह 20 कॉल अटैंड किए गए। पोरबंदर में 462 फीसदी, नर्मदा जिले में 356, मोरबी में 341, जामनगर में 292 फीसदी की वृद्धि देखी गई। अहमदाबाद शहर में 92, वडोदरा में 25, सूरत में 185 फीसदी की वृद्धि देखी गई।

नए साल पर 18 फीसदी की वृद्धि का अनुमान

108 ने बीते साल के आंकड़ों के अध्ययन से अनुमान घोषित किया है कि गुजराती नए साल पर 22 अक्टूबर के दिन आपातकालीन कॉल की संख्या में 18.24 फीसदी की वृद्धि संभव है। भाईदूज के दिन 23 अक्टूबर को 12 फीसदी से अधिक की वृद्धि हो सकती है।

Published on:
21 Oct 2025 05:07 pm
Also Read
View All