
वडोदरा. शहर के गोत्री स्थित जीएमईआरएस मेडिकल कॉलेज में रैगिंग और मानसिक प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। मेडिकल कॉलेज में जूनियर छात्रों के साथ मानसिक प्रताड़ना के मामले में पांच सीनियर विद्यार्थियों को छह महीने के लिए हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है।
कॉलेज में रैगिंग का मामला तब सामने आया, जब एमबीबीएस के द्वितीय वर्ष के तीन विद्यार्थियों ने तृतीय और चतुर्थ वर्ष के सीनियर छात्रों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए। आरोपों के अनुसार, हॉस्टल परिसर में पटाखे फोड़ने की घटना के बाद सीनियर छात्रों ने हर्ष खलासी, पृथ्वीराज परमार और साहिल मकवाणा को पूछताछ के लिए बुलाया था। तीनों ने पटाखे फोड़ने में अपनी संलिप्तता से इनकार किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें करीब पांच घंटे तक खड़ा रखा गया और कथित तौर पर जबरन अपराध स्वीकार करने के लिए दबाव बनाया गया। इस घटना से परेशान होकर हर्ष खलासी ने आत्महत्या का प्रयास भी किया था, लेकिन सहपाठियों ने समय रहते उसे बचा लिया। घटना के बाद तीनों विद्यार्थी अपने घर चले गए थे।
पीड़ित विद्यार्थियों ने कॉलेज प्रशासन के साथ दिल्ली स्थित राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) में भी शिकायत की थी। आयोग की ओर से शिकायत की प्रति गोत्री अस्पताल की अधीक्षक सह डीन डॉ. विशाला पंड्या को भेजी गई। इसके बाद कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और जांच शुरू की। उधर स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल चिकित्सा शिक्षा निदेशक को जांच के निर्देश दिए और 12 घंटे के भीतर एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट मांगी। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत आरोपित सीनियर विद्यार्थियों को हॉस्टल खाली करवाकर घर भेज दिया गया था।
शनिवार सुबह गोत्री मेडिकल कॉलेज में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक हुई जिसमें पीड़ित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की लिखित एवं मौखिक शिकायतें सुनी गईं। सभी पहलुओं की जांच के बाद कमेटी ने अनुशासनहीनता को गंभीर मानते हुए तृतीय वर्ष के पांच विद्यार्थियों को तत्काल प्रभाव से छह महीने के लिए हॉस्टल से निष्कासित करने का निर्णय लिया। कॉलेज के डीन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक आदेश भी जारी कर दिया गया है।
उधर रैगिंग के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई राजकोट की पीडीयू मेडिकल कॉलेज में भी की गई है। यहां प्रथम वर्ष के एमबीबीएस विद्यार्थियों को परेशान करने के मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर 14 विद्यार्थियों को निलंबित किया गया है। इन विद्यार्थियों का निलंबन एक सप्ताह से लेकर एक-दो महीने तक के लिए किया गया है।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने कहा कि रैगिंग को किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। विद्यार्थियों को मानसिक या शारीरिक रूप से परेशान करना अमानवीय कृत्य है। राज्य सरकार की रैगिंग के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सख्त कार्रवाई का उद्देश्य ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना है, जिससे भविष्य में शैक्षणिक संस्थानों में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।