अंबाजी. शक्तिपीठ अंबाजी में कॉरिडोर समेत विभिन्न विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। इन कार्यों के तहत सरकारी रेस्ट हाउस के पास स्थित प्राचीन महाकालेश्वर शिव मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया।
मंदिर में स्थापित शिवलिंग को प्राचीन माना जाता है। करीब 20 साल पहले इस मंदिर का जीर्णोद्धार भी कराया गया था। हालांकि, अंबाजी में चल रहे विकास कार्यों में बाधा बनने के चलते इसे हटाने का निर्णय किया गया।
खास बात यह रही कि मंदिर को तोड़ने से पहले वहां स्थापित प्राचीन शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को विधि-विधान से बाहर निकालने के लिए लगातार आठ दिनों तक धार्मिक अनुष्ठान किए गए। अनुष्ठान पूरे होने के बाद शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को विधिवत बाहर निकाला गया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से मंदिर को ध्वस्त कर दिया गया।
फिलहाल शिवलिंग और अन्य मूर्तियों को पुराने शिव मंदिर के पास रखा गया है, जहां नियमित पूजा-अर्चना की जा रही है। इसके अलावा कुंभ में पंचतत्वों को स्थापित कर उनकी आरती और धार्मिक अनुष्ठान भी किए जा रहे हैं।