अहमदाबाद

गोत्री की बहुमंजिला इमारत में भीषण आग, 300 लोगों को सुरक्षित निकाला

फायर ब्रिगेड का मेजर कॉल, दूर तक धुएं का गुबार- दिखीं लपटें

2 min read

वडोदरा. शहर के गोत्री इलाके में बुधवार दोपहर एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। यह आग 10 मंजिला इस्कॉन एट्रिया-2 में लगी, जहां दूर-दूर तक घना धुआं और लपटें दिखी। जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। करीब 300 लोगों को सुरक्षित रूप से बाहर निकाला गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वडोदरा फायर ब्रिगेड ने “मेजर कॉल” घोषित किया और तीन फायर स्टेशनों से 10 से अधिक फायर टेंडर तैनात किए गए। इमारत में मौजूद लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर शरण ली।
फायर फाइटर्स ने स्नॉर्कल हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म सहित आधुनिक उपकरणों की मदद से ऊंची इमारत में लगी आग बुझाने की कार्रवाई की। लगातार प्रयासों के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया और उसे आगे फैलने से रोक दिया। अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
हालांकि आग लगने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वहीं, संपत्ति के बड़े नुकसान की संभावना है। प्रशासन फिलहाल नुकसान का आकलन कर रहा है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार गोत्री इलाका शहर का पॉश इलाका माना जाता है। यहां इस्कॉन हाइट्स की इमारत से उठते धुएं के गुबार देखकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ऊपरी मंजिल पर लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। ऐहतियात के तौर पर पूरी इमारत को तुरंत खाली करा लिया गया। दूर-दूर तक उठता धुआं आग की भयावहता को दर्शा रहा था।

आग की लपटों के बीच डंटे फायर फाइटर्स

जब आग ने विकराल रूप लिया, तब शहर के फायर फाइटर्स ने एक बार फिर अपनी बहादुरी का परिचय दिया।
‘मेजर कॉल’ घोषित होने के बाद 10 से अधिक फायर टेंडर और स्नॉर्कल हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म के साथ जवानों ने आसमान छूती लपटों के खिलाफ मोर्चा संभाला और आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखा। आखिरकार आग पर काबू पा लिया।

Published on:
15 Apr 2026 10:36 pm
Also Read
View All