
ahmedabad: गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर दूसरा पासपोर्ट हासिल करने के मामले में हरीकेश पटेल को गिरफ्तार किया। आरोपी गुजरात प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष गीता पटेल का पुत्र है। शहर के शाहीबाग में रहने वाले इस युवक ने इस दूसरे पासपोर्ट के आधार पर भूटान के रास्ते बैंकॉक, सिंगापुर और दुबई की यात्रा की तथा नेपाल के रास्ते भारत लौट आया।
एटीएस के अनुसार, हरीकेश का पहला पासपोर्ट प्रवर्तन निदेशालय (ई़डी) की ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी से जुड़ी जांच के दौरान अदालत में जमा कराया गया था। उसकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद उसने कथित तौर पर दिल्ली में पासपोर्ट खोने की झूठी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद फर्जी किरायानामों और आगरा के फर्जी पते का इस्तेमाल कर जुलाई 2024 में उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से नया पासपोर्ट हासिल किया।एटीएस को हरीकेश के पास दो पासपोर्ट होने की सूचना मिली थी।
इस मामले में एटीएस थाने में 13 सितंबर को उसके खिलाफ जालसाजी और फर्जी दस्तावेज को असली बताकर इस्तेमाल करने के आरोपों को लेकर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा पासपोर्ट अधिनियम, के तहत पासपोर्ट हासिल करने के लिए गलत जानकारी देने का आरोप लगाया गया है। इसके आधार पर जांच के बाद उसे अहमदाबाद के साइंस सिटी इलाके से गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ अहमदाबाद के नारणपुरा थाने और क्राइम ब्रांच में पहले से धोखाधड़ी व जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है।
गुजरात कांग्रेस के प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि पार्टी को गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करना चाहिए। यदि उसने कुछ गैरकानूनी किया है तो कानून उसके अनुसार कार्रवाई करेगा।