16 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

amedabad शहर में डेंगू के मरीज बढ़े, सिविल अस्पताल में 156 मरीज, सोला सिविल अस्पताल में 214 पॉजिटिव केस

शहर में बारिश के बाद मच्छरजनित और मौसमी बीमारियों का असर बढ़ता नजर आ रहा है। असारवा स्थित सिविल अस्पताल में सितंबर के पहले 16 दिनों में ही डेंगू के 156 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि पूरे अगस्त में 94 मरीज मिले थे।
2 min read
Google source verification
Ahmedabad sola civil hospital and civil hospital

फाइल फोटो।

Ahmedabad: शहर में बारिश के बाद मच्छरजनित और मौसमी बीमारियों का असर बढ़ता नजर आ रहा है। असारवा स्थित सिविल अस्पताल में सितंबर के पहले 16 दिनों में ही डेंगू के 156 मरीज सामने आ चुके हैं, जबकि पूरे अगस्त में 94 मरीज मिले थे। वहीं सोला सिविल अस्पताल में पिछले एक सप्ताह के दौरान ही डेंगू के 552 संदिग्ध मरीजों की जांच में 214 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई । यानी दोनों बड़े सरकारी अस्पतालों के आंकड़े बदलते मौसम में डेंगू के बढ़ते प्रभाव की ओर संकेत कर रहे हैं।सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश जोशी के अनुसार अगस्त में डेंगू के 94 मरीज सामने आए थे, जबकि 1 से 16 सितंबर के बीच ही 156 मरीज मिल चुके हैं। इस तरह 16 दिनों में अगस्त की तुलना में 62 मरीज अधिक सामने आए हैं। सितंबर के आंकड़े अगस्त से करीब 66 फीसदी अधिक हैं।

हालांकि वायरल बुखार के मामलों में कमी दर्ज की गई है। अगस्त में 700 मरीजों की तुलना में सितंबर के पहले 16 दिनों में 420 मरीज सामने आए। हेपेटाइटिस के मरीज 194 से घटकर 73 और मलेरिया के मामले 43 से घटकर 20 रह गए। अस्पताल में चिकनगुनिया के मामले 10 से बढ़कर 17 हो गए। टाइफाइड के मरीज 14 से घटकर एक रह गए।

स्वाइन फ्लू के दो मरीज भर्ती

सिविल अस्पताल में स्वाइन फ्लू के दो मरीज भी भर्ती हैं। दोनों की हालत स्थिर है। इनमें से एक मरीज को सामान्य ऑक्सीजन दी जा रही है। पिछले सप्ताह अस्पताल की बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में 30044 मरीज पहुंचे, जबकि 2,628 मरीज भर्ती हुए।

सोला सिविल में स्वाइन फ्लू के नौ मरीज पॉजिटिव

सोला सिविल अस्पताल प्रशासन के अनुसार पिछले एक सप्ताह में डेंगू के 552 संदिग्ध मरीजों में 214 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मलेरिया के 1321 संदिग्ध मरीजों में 18, जबकि चिकनगुनिया के 16 संदिग्ध मरीजों में एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उल्टी-दस्त के 14, वायरल हेपेटाइटिस के पांच, टाइफाइड के चार मरीज और वायरल हेपेटाइटिस ए का एक मामला सामने आया। स्वाइन फ्लू के 85 संदिग्ध मामलों में 9 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।