
गांधीनगर. गुजरात सरकार ने पिछले दिनों राज्य में भारी और बे-मौसमी बारिश के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए 700 करोड़ के वित्तीय पैकेज की घोषणा की। राज्य सरकार किसानों को इतने रकम की सहायता देगी। इस घोषणा से राज्य के 4 लाख किसानों को लाभ मिलेगा।
गांधीनगर में राज्य कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की अध्यक्षता में आयोजित राज्य कैबिनेट की बैठक में चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया। इस निर्णय के बारे में उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने बताया कि केन्द्र सरकार के आपदा राहत फंड के दिशानिर्देशों के तहत 33 फीसदी से ज्यादा फसलों के नुकसान होने पर ंिसंचाई की सुविधा वाली फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर 13500 रुपए तथा गैर सिंचाई वाली फसलों के लिए प्रति हेक्टेयर 6800 रुपए प्रति हेक्टेयर की मदद दी जाएगी।
पटेल के मुताबिक राज्य में इस वर्ष भारी बारिश व बे-मौसमी बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में जुलाई से सितम्बर महीने के दौरान भारी बारिश और इसके बाद अक्टूबर महीने के अंत और नवम्बर महीने के पहले सप्ताह में बारिश के कारण किसानों के फसलों को काफी नुकसान हुआ था। इसे लेकर राज्य सरकार ने सर्वेक्षण का कार्य आरंभ किया गया जो खत्म होने को है। बेमौसमी बारिश से राज्य में कपास, मूंगफली, धान सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ था।