
पीएम नरेंद्र मोदी। फाइल फोटो- पत्रिका
Gujarat Railway News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात की दो नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और मेहसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस से तीनों राज्यों के यात्रियों को सुविधा मिलेगी। वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक्सप्रेस उपयोगी होगी। वहीं, मेहसाणा, पाटन और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मेमू ट्रेन से रोजाना आने-जाने में मदद मिलेगी।
नई ट्रेन सेवा के तहत साबरमती और वाराणसी के बीच प्रतिदिन एक्सप्रेस ट्रेन चलेगी। ट्रेन संख्या 12205 साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस साबरमती से सुबह 5:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 12206 वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस वाराणसी से शाम 5:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी। इस ट्रेन से गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच सीधा रेल संपर्क मिलेगा। इससे धार्मिक यात्रा के साथ व्यापार, पर्यटन और दूसरे कामों से यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा होगी।
साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात और राजस्थान के कई प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। राजस्थान में इसके ठहराव मेहसाणा, पालनपुर और आबूरोड के बाद फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर और बांदीकुई में होंगे। इसके अलावा मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर में भी ट्रेन का ठहराव रहेगा। आगे यह ट्रेन आगरा फोर्ट के बजाय आगरा के ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर होते हुए वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में भी इन्हीं स्टेशनों पर ठहराव होगा। इन ठहरावों से राजस्थान के यात्रियों को वाराणसी और रास्ते में आने वाले शहरों तक पहुंचने का एक और विकल्प मिलेगा।
दूसरी नई सेवा मेहसाणा, बेचराजी और साबरमती के बीच शुरू होगी। इस ट्रेन से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। बेचराजी स्थित बहुचर माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी रेल यात्रा का विकल्प मिलेगा। इस मार्ग पर साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयणी, काटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा, राणुज और मेहसाणा सहित प्रमुख स्टेशन जुड़ेंगे। मेमू सेवा के तहत दोनों दिशाओं में ट्रेनें सुबह और शाम के समय चलेंगी, जिससे रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी।
साबरमती से सुबह चलने वाली ट्रेन सुबह 6:40 बजे रवाना होगी और 8:05 बजे बेचराजी पहुंचेगी। बेचराजी से 8:07 बजे रवाना होकर यह ट्रेन सुबह 9:45 बजे मेहसाणा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन मेहसाणा से शाम 4:40 बजे रवाना होगी। यह शाम 5:49 बजे बेचराजी पहुंचेगी और 5:51 बजे वहां से रवाना होकर रात 8:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। दूसरी सेवा में साबरमती से ट्रेन शाम 5:05 बजे रवाना होकर शाम 6:48 बजे बेचराजी पहुंचेगी। यहां से 6:50 बजे चलकर रात 8:25 बजे मेहसाणा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन मेहसाणा से सुबह 7:05 बजे रवाना होगी। यह सुबह 7:50 बजे बेचराजी पहुंचेगी और 7:52 बजे वहां से चलकर सुबह 10:20 बजे साबरमती पहुंचेगी।
Updated on:
29 Oct 2026, 6:28 PM IST
Published on:
29 Oct 2026, 6:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.