अहमदाबाद

गुजरात के 211 परीक्षा केन्द्रों से ली जाएगी री-नीट, 80 हजार विद्यार्थी देंगे परीक्षा

सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोलरूम के जरिए होगी निगरानी, साइबर सेल की टीमें सोशल मीडिया पर रखेंगी नजर, अहमदाबाद शहर में 23 केन्द्रों पर 10 हजार विद्यार्थी देंगे री-नीट, 8 ड्रोन से रखी जाएगी नजर

3 min read
RE NEET
अहमदाबाद शहर के एक परीक्षा केन्द्र पर री-नीट से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था का जोन-1 उपायुक्त ने लिया जायजा। ड्रोन के जरिए रखी जाएगी नजर।

Ahmedabad. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) स्नातक (यूजी) की पुनः परीक्षा ली जाएगी। इसके लिए अहमदाबाद शहर में 23 सहित गुजरात भर में 211 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। अहमदाबाद शहर में जहां 10 हजार से ज्यादा वहीं राज्यभर में करीब 80 हजार परीक्षार्थी री-नीट देंगे। गत 3 मई को ली गई नीट-यूजी का पेपर लीक हो जाने के चलते परीक्षा को रद्द किया था। इस बार ऐसा कुछ ना हो उसके लिए परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के पहले से भी ज्यादा कड़े इंतजाम किए गए हैं।

गुजरात पुलिस के महानिरीक्षक (कानून एवं व्यवस्था) मकरंद चौहान ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि री-नीट के सफल आयोजन के लिए गुजरात पुलिस, केंद्र सरकार, राज्य सरकार के शिक्षा विभाग, एनटीए और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए छात्रों की ओर से बस, रेल या निजी वाहनों का उपयोग किया जाता है। ऐसे में वे समय पर और बिना किसी अवरोध के परीक्षा केंद्र तक पहुंचें इसके लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

पुलिस पायलटिंग के साथ केन्द्र पर पहुंचेंगे पेपर

चौहान ने बताया कि री-नीट के प्रश्नपत्रों का परिवहन स्ट्रॉंग रूम से परीक्षा केन्द्रों तक पुलिस की पायलटिंग के साथ किया जाएगा। परीक्षार्थियों को पेपर वितरण और परीक्षा पूर्ण होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के रिवर्स ट्रांसपोर्टेशन तक की पूरी प्रक्रिया के लिए भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रोटोकॉल भी तय किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की उचित जांच हो और वे समय पर परीक्षा हॉल में प्रवेश कर सकें, यह सुनिश्चित किया जाएगा। परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, डमी उम्मीदवारों या अन्य अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की टीम सोशल मीडिया पर रखेगी नजर

उन्होंने बताया कि री-नीट के चलते परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म या अन्य मैसेजिंग एप पर कोई भ्रामक जानकारी या अफवाह न फैले, इसके लिए राज्य के साइबर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से निगरानी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों और अन्य लोगों की भीड़ न हो, इसके लिए राज्य के सभी जिलों और सिटी पुलिस को भीड़ प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। राज्य पुलिस की ओर से री-नीट शांतिपूर्ण, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर कानून और व्यवस्था की पूर्व तैयारियां कर ली गई हैं।

अहमदाबाद शहर में क्यूआरटी टीम, 8 ड्रोन की रहेगी नजर

अहमदाबाद. शहर में 23 परीक्षा केन्द्रों से री-नीट ली जाएगी। इन केन्द्रों पर 10445 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। शहर पुलिस कंट्रोल रूम की उपायुक्त रीमा मुंशी ने शनिवार को संवाददाताओं को बताया कि इन सभी परीक्षा केन्द्रों के आसपास 8 ड्रोन के जरिए शहर पुलिस नजर रखेगी। क्यूआरटी की टीमों की भी तैनाती की गई है। 6 पुलिस उपायुक्त, 15 पीआइ व अन्य कर्मचारी केन्द्रों की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए हैं। 14 ट्रैफिक पुलिस के पीआइ व स्टाफ भी इन केन्द्रों के पास ट्रैफिक न हो, अभिभावकों, विद्यार्थियों को पार्किंग की सुविधा की व्यवस्था संभालेंगे। शहर क्राइम ब्रांच की टीमें भी केन्द्रों और आसपास नजर रखेंगी। सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार केन्द्रों के आसपास नजर रखी जाएगी। शहर साइबर क्राइम ब्रांच की टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रखे हुए है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। केन्द्रों के 100 मीटर के क्षेत्र में कोई झेरोक्ष की दुकानें शुरू ना रहें उसे सुनिश्चित किया जाएगा।

परीक्षा केन्द्रों पर चुस्त सुरक्षा बंदोबस्त

जोन-1 के उपायुक्त डॉ. हर्षद पटेल ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। परीक्षार्थियों की अच्छे जांच की जाएगी, विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार केन्द्रों पर कर्मचारियों की तैनाती की है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। विद्यार्थी, अभिभावकों को अच्छे से पार्किंग उपलब्ध हो उसकी व्यवस्था की गई है।

सुबह 11 से दोपहर 1.30 तक परीक्षा केन्द्र में लेना होगा प्रवेश

एनटीए की ओर से जारी किए गए दिशा निर्देशों के तहत परीक्षार्थियों को सुबह 11 बजे से परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश देना शुरू कर दिया जाएगा। दोपहर 1.30 बजे गेट बंद हो जाएंगे। उसके बाद किसी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थी पारदर्शक बोतल में पानी ले जा सकेंगे।

Updated on:
20 Jun 2026 09:54 pm
Published on:
20 Jun 2026 09:52 pm