अहमदाबाद

गुजरात ‘स्टेम’ क्विज स्पर्धा में वडोदरा की टीम ने मारी बाजी

Gujarat STEM Quiz, Gujcost, vadodara team state winner, science city, jitu vaghani, राजकोट की टीम दूसरे, गांधीनगर की तीसरे स्थान पर रही, स्पर्धा में राज्यभर के 5.40 लाख विद्यार्थियों ने लिया भाग, गुजरात की स्टेम क्विज पहल को अपनाएगा देश: वाघाणी

2 min read
गुजरात 'स्टेम’ क्विज स्पर्धा में वडोदरा की टीम ने मारी बाजी

गांधीनगर. गुजरात विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (गुजकोस्ट) की ओर से आयोजित गुजरात स्टेम क्विज स्पर्धा में वडोदरा के स्नेह कौशल पटेल और मोहम्मद अली कैंपवाला की टीम विजेता रही। दोनों को टच स्क्रीन आई7 लैपटॉप पुरस्कार में दिए गए हैं।
राजकोट जिले के अवी देत्रोजा और कुंज बुद्धदेव की टीम दूसरे और गांधीनगर के श्रेष्ठ झा तथा स्तवन मेहता की टीम राज्य स्तरीय स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रही।
रविवार को अहमदाबाद स्थित साइंस सिटी में राज्य स्तरीय स्पर्धा का फाइनल हुआ। प्रतियोगिता के विजेताओं को एक करोड़ रुपए के आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। स्पर्धा में राज्यभर से 5.40 लाख विद्यार्थियों ने भाग लिया।
स्पर्धा में सूरत, पोरबंदर, अहमदाबाद मनपा, गांधीनगर मनपा और राजकोट की टीम के प्रत्येक सदस्य को सांत्वना पुरस्कार के तहत लैपटॉप दिए गए हैं।
स्पर्धा में जिला स्तर पर श्रेष्ठ 10 में आने वाले कुल 410 विद्यार्थियों को इनाम स्वरूप टैबलेट प्रदान किए गए हैं। इसके अलावा स्पर्धा में चुने गए श्रेष्ठ 16 विद्यार्थियों को इसरो, भाभा ऑटोमिक रिसर्च सेंटर मुंबई में समर वैकेशन के दौरान जाने का मौका मिलेगा।
शिक्षामंत्री जीतू वाघाणी ने कहा कि गुजरात में विज्ञान एवं तकनीक क्षेत्र में विभिन्न पहल की गई है, जिसमें गुजरात स्टेम क्विज स्पर्धा भी एक है। गुजरात ने स्टेम क्विज प्रतियोगिता का जो कंसेप्ट (विचार) अपनाया है वह आगामी दिनों में भारतभर में अपनाया जाएगा। एक तरीके से विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित (स्टेम) के क्षेत्र में यह भारत की सबसे बड़ी प्रतियोगिता रही। इस प्रतियोगिता में राज्य के 33 जिलों और आठ महानगरपालिकाओं के 5 लाख 40 हजार विद्यार्थियों ने भाग लिया था। यह प्रतियोगिता सिर्फ प्रतियोगिता तक ही सीमित नहीं रही बल्कि इसमें बच्चों को शिक्षा भी दी गई और कहानी के जरिए भी समझाया गया। यह स्पर्धा, शिक्षा और कहानी का त्रिवेणी संगम रही।
विज्ञान एवं तकनीक विभाग के सचिव विजय नेहरा ने कार्यक्रम की जानकारी दी। गुजरात सरकार के विज्ञान एवं तकनीक विभाग की उप सचिव गार्गी जैन भी उपस्थित थी। मंत्री ने विज्ञान एवं तकनीक विभाग के सलाहकार नरोत्तम साहू और उनकी टीम को बधाई दी।

Published on:
06 Mar 2022 10:28 pm
Also Read
View All