अहमदाबाद

हृदय संबंधी मरीज तेजी से बढ़े, गुजरात में एक साल में 12000 की वृद्धि

अहमदाबाद में दो हजार से अधिक मरीजों की बढ़ोतरी, राज्यभर में कार्डियक इमरजेंसी के मामलों में 14 फीसदी का इजाफा, 108 एंबुलेंस सेवा के आंकड़ों में सामने आए तथ्य

2 min read
एम्बुलेंस

गुजरात में हृदय संबंधी बीमारी के मरीज तेजी से बढ़े हैं। 2024 की तुलना में 2025 में कार्डियक इमरजेंसी के मामलों में 14 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया है। आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108 की ओर से पूरे साल हैंडल किए आपातकालीन मामलों के आंकड़ों में यह तथ्य सामने आए हैं। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में 108 एंबुलेंस ने राज्यभर में 12 हजार अधिक कार्डियक मरीजों को अस्पताल पहुंचाया। अहमदाबाद शहर में दो हजार से अधिक मरीजों की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

राज्य की 108 इमरजेंसी एंबुलेंस सेवा के जन संपर्क अधिकारी विकास बिहानी के अनुसार वर्ष 2024 में हृदय संबंधी शिकायत के 84738 मरीजों को अस्पताल पहुंचाया था, जबकि 2025 में यह संख्या बढ़कर 96789 हो गई। यानी बीते साल की तुलना में इस वर्ष 12,051 अधिक मरीजों को दिल की तकलीफ के चलते इमरजेंसी सेवा की मदद लेनी पड़ी। दूसरी ओर अहमदाबाद जिले में कार्डियक मामलों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। वर्ष 2024 में यहां 24386 मरीजों को 108 ने विविध अस्पतालों तक पहुंचाया था, जबकि वर्ष 2025 (25 दिसंबर तक) में 26823 लोगों को इस समस्या के चलते अस्पताल पहुंचाया गया। शहर में एक वर्ष में 2437 मरीज बढ़े हैं।

बदलती जीवनशैली, खानपान बड़ी वजह

अहमदाबाद के सीनियर फिजिशियन डॉ. प्रवीण गर्ग बताते हैं कि बदलती जीवनशैली, तनाव, खानपान में असंतुलन और नियमित जांच की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। जंकफूड का बढ़ता उपयोग, आरामदायक जीवन शैली और बढ़ते स्ट्रेस से हार्ट संबंधी मामले बढ़ रहे हैं। एक समय था जब 40 वर्ष से कम आयु में हृदय संबंधी बीमारियां होने की संभावना कम लगती थीं। लेकिन वर्तमान में हर आयु वर्ग के मरीज कार्डियक समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं।

राज्य के प्रमुख जिलों में कार्डियक मरीजों की स्थिति

जिला- वर्ष 2024- वर्ष 2025- वृद्धिअहमदाबाद- 24386- 26823- 2,437

राजकोट - 5125- 5985 - 860सूरत- 6825-7918 - 1,093

वडोदरा - 4329 -5051 - 722भावनगर - 4 294- 4 964 -670

(नोट: आंकड़े 108 इमरजेंसी सेवा के 1 जनवरी से 25 दिसंबर 2025 तक संकलित किए गए हैं।)

Published on:
28 Dec 2025 09:28 pm
Also Read
View All

अगली खबर